
धूल भरी सड़क पर पेंटिंग कर औपचारिकता कर दी पूरी
20 लाख की लागत वाली दुद्धी मल्देवा संपर्क मार्ग के नवीनीकरण में मानक की अनदेखी,भारी गोलमाल
दुद्धी, सोनभद्र- सड़क नवीनीकरण योजनांतर्गत 19.64 लाख रुपये की लागत से बन रहे दुद्धी मल्देवा सम्पर्क मार्ग के निर्माण में कार्यदायी संस्था व ठेकेदार द्वारा धूल भरी सड़क पर जैसे तैसे पेंटिंग कर, औपचारिकता पूरी कर दी गई। जिसको लेकर स्थानीयजनों में भारी आक्रोश है। ज्ञातव्य हो कि सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा पछले वर्ष 24 जून को जनपद के सड़क नवीनीकरण योजनांतर्गत ही इस मार्ग की भी शिलान्यास की गई थी। करीब छः महीने बाद काम तो शुरू हुआ,लेकिन मानक की अनदेखी और सरकारी धन की बंदरबांट को प्राथमिकता दी गयी। सड़क पर पड़ी धूल की न तो कायदे से सफाई की गई और न ही उबड़ खाबड़ सड़क की गिट्टी सोलिंग से लेबल किया गया।

जर्जर सड़क व मिट्टी पर जैसे तैसे गिट्टी तारकोल की पतली परत डालकर पेंटिंग कर दी गई। पेंटिंग के बाद भी सड़क कहीं भी लेबल में नजर नही आ रहा। पेंटिंग के बाद भी सड़क में जगह जगह उबड़ खाबड़ गड्ढे नजर आ रहे हैं। यह सड़क कितने दिन तक चलेगी इसका पता नहीं। इसमें सबसे बड़ी अनदेखी यह भी की गई है कि इस मार्ग से मेन हाइवे व दूसरे रोड को जोड़ने वाले प्वाइंट को भी मेटेरियल की चोरी की नियत से ठीक ढंग से नही मिलाया गया। जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। भाजपा नेता डीसीएफ चेयरमैन सुरेंद्र अग्रहरि ने सरकारी धन की बंदरबांट कर, सरकार की योजनाओं को बदनाम करने वाले संबंधित अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ जांचकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



