
इस्लामिया कॉलेज की छत गिरने की जांच के लिए समिति गठित
इस्लामियां कॉलेज ऑफ कामर्स की छत गिरने की घटना का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
गोरखपुर । जिलाधिकारी डॉ गौरव ग्रोवर ने बक्शीपुर स्थित इस्लामिया कॉलेज आफ कॉमर्स में निर्माणाधीन भवन की छत गिरने मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। जिलाधिकारी डॉ ग्रोवर ने इस जांच समिति को घटना की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। जांच के बाद उत्तरदायित्व निर्धारित करने वाली समिति की आख्या पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। य़ह समिति नगर मजिस्ट्रेट की अगुवाई में जांच करेगी। जांच समिति में नगर मजिस्ट्रेट के अलावा लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता और लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड भवन के अधिशासी अभियंता शामिल हैं।
इस्लामियां कॉलेज ऑफ कामर्स की छत गिरने की घटना का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में इस्लामियां कॉलेज में निर्माणाधीन भवन की छत गिरने की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए है।
इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स बक्शीपुर के कॉलेज में बिल्डिंग का निर्माण हो रहा था। छत ढालने के लिए लिफ्ट से मजदूर मैटेरियल ऊपर ले जा रहे थे। लेकिन इस बीच शाम लगभग सात बजे निर्माणाधीन छत का कमजोर स्ट्रैक्चर टूट गया और छत अचानक गिर गई। इसमें दो मजदूर दब गए। एक घायल मजदूर को बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा गया, जबकि करीब दो घंटे के रेस्क्यू के बाद दूसरे मजदूर को भी बाहर निकाल लिया गया है। उसे गंभीर चोटें आई हैं। इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।(हि.स.)



