Breaking News

स्वच्छता अभियान आज जन आंदोलन बन चुका है-डा. रमापतिराम त्रिपाठी

देवरिया । सोन्दा के शौर्य मैरेज हाल में रविवार को भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हुआ, जिसमें जनपद के सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन सत्र पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद देवरिया सदर डा. रमापतिराम त्रिपाठी ने भारत माता, दीनदयाल उपाध्याय व श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित व माल्यार्पण कर किया। प्रथम सत्र में सदर सांसद डा. त्रिपाठी ने “भाजपा की जनसंघ की स्थापना से लेकर वर्तमान भाजपा की यात्रा व इतिहास” अर्थात “भाजपा इतिहास एवं विकास” के बारे में विस्तार से बताया। सदर सांसद ने कहा कि 1951में डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की नींव रखी। बाद में पं दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों ने अपनी सोच एवं परिकल्पना के आधार पर इसे आगे बढाया। 1980 में बनी भारतीय जनता पार्टी को अटल बिहारी वाजपेयी जैसे मनीषियों का नेतृत्व मिला और आज नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत एवं सटीक निर्णय लेने वाले प्रधान सेवक के बदौलत पुरे विश्व में भारत का मान सम्मान एवं गौरव बढा़।

सदर सांसद ने कहा कि देश में आए प्रत्येक संकट के समय विपक्ष में रहते हुए हमने सरकार के प्रत्येक निर्णय में अपनी सहमति प्रदान की। कहा कि 1971 में भारत पाक युद्ध के दौरान अटल जी ने इंदिरा गांधी से कहा था कि तुम दुर्गा की तरह लडो़ हमारी पार्टी और पुरा देश तुम्हारे साथ है जब कि केंद्र में हमारी सरकार के दौरान कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलो ने कारगिल युद्ध और सर्जिकल स्ट्राइक पर प्रश्न चिन्ह खडा किया। उन्होंने कहा कि यही फर्क है भारतीय जनता पार्टी और अन्य दलो में। हम जहां राष्ट्र की सोचते है वही विपक्षी दल सिर्फ अपने बारे में। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता की स्थापना हुई ।पार्टी के परिश्रमी एवं साहसी कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा आज 18 करोड़ सदस्यों वाली विश्व की सबसे बडी राजनैतिक पार्टी है।

उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनी तब से आज तक निरंतर पं दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करने का कार्य चल रहा है। समाज के शोषितो, वंचितो, पीडितों एवं गरीबो का जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उत्थान किया जा रहा है। जरूरतमंदो को फ्री आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, बिजली,स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है। सदर सांसद ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबो के जनधन खाते खोलवाने का निर्णय लिया तब लोगो ने इसका मजाक उडाया और कहा कि गरीब के पास पैसे है ही नही तो खाते खुलवाकर क्या होगा लेकिन जब सब्सीडी की पुरी राशि सीधे खाते में पहुंची तब लोगों ने पीएम मोदी के इस निर्णय का लोहा माना।

उन्होंने कहा कि इसी तरह जब स्वच्छता अभियान की शुरुआत की तब भी लोगो ने कहा कि इनके पास काम नही है इसलिए ऐसे उटपटांग निर्णय ले रहे है जबकि स्वच्छता अभियान आज जन आंदोलन बन चुका है। जब हमने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने की बात की तो विपक्षी दलो ने कहा कि देश में दंगे हो जाएंगे, लेकिन नेतृत्व करने की क्षमता एवं मजबुत नेतृत्व के बदौलत धारा 370 भी हट गयी और देश में एक भी दंगा नही हुआ।आज पूरे विश्व में भारत की छवि एक मजबुत एवं शक्तिशाली राष्ट्र की तरह देखी जाती है। कुवैत में मंदिर का निर्माण हो या वाशिंगटन में भारत माता की जय जयकार होना सशक्त नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाया है। कहा कि भगवान राम के अस्तित्व को नकारने वाले आज संगम और गंगा में डुबकी लगा रहे है। जो देश कभी भारत को आंख दिखाते थे वो आज भारत से दोस्ती करने के लिए लालायित है।

वही द्वितीय सत्र हमारा विचार परिवार के विषय मे आरएसएस के विभाग संघचालक राजधारी ने विस्तार से जानकारी दी। तीसरे सत्र 2014 के बाद आया युगान्तकारी परिवर्तन पैराडाइम शिफ्ट पर सभापति सहकारी ग्राम विकास बैंक संतराज यादव ने प्रकाश डाला। चौथे सत्र बदली हुयी परिस्थिति में भाजपा का दायित्व एवं भाजपा के वैशिष्ट्य की समझ को पूर्व राष्ट्रीय मंत्री विनोद पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं को बताया। पांचवे और पहले दिन के अंतिम सत्र भारत की मुख्य विचारधारा-हमारी विचारधारा पर प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने विस्तार से बताया।

प्रशिक्षण वर्ग में प्रमुख रूप से वर्ग प्रमुख संतोष त्रिगुणायक, जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह,जिलापंचायत अध्यक्ष गिरीश तिवारी,सांसद रविन्द्र कुशवाहा,एमएलसी डॉ.रतनपाल सिंह,विधायक दीपक मिश्र शाका,विधायक सुरेन्द्र चौरसिया,नपाध्यक्ष अलका सिंह,पूर्वजिलाध्यक्ष मारकंडेय शाही,पूर्वजिलाध्यक्ष विजय कुमार दूबे, विशम्भर मिश्रा, व्यवस्था प्रमुख राजेश मिश्रा,सह नियंत्रक रामदास मिश्रा, कार्यक्रम प्रमुख हेमन्त मिश्रा, नवीन सिंह,उषा पासवान,सज्जन मणि त्रिपाठी,प्रमोद शाही,श्रीनिवास मणि, रमेश सिंह,रविन्द्र किशोर कौशल,अम्बिकेश पाण्डेय समेत प्रदेश, क्षेत्र, जिला पदाधिकारी,मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी जिलाध्यक्ष,जिला महामंत्री, प्रकोष्ठ एवं विभागों के संयोजक एवं सहसंयोजक ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button