
सामुदायिक हाल व शौचालय निर्माण के शिलान्यास में दो अधिवक्ता गुटों के बीच नोंकझोंक
विधायक के खिलाफ एक गुट ने की नारेबाजी, माहौल गर्म
दुद्धी,सोनभद्र : स्थानीय कचहरी में उस वक्त अचानक माहौल तल्ख हो गया जब क्षेत्रीय विधायक रामदुलार गोंड़ पूर्वांचल विकास निधि से बनने वाले सामुदायिक हाल व शौचालय का शिलान्यास करने पहुंचे थे। कचहरी परिसर में शाम करीब 4 बजे पहुंचे विधायक श्री गोंड़ ने सिविल बार के सचिव मनोज मिश्रा के चेम्बर के पास स्थापित शिलान्यास पट्ट का अनावरण व पूजन में लगे थे।तभी वहां पहुंचे दुद्धी बार अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव ने शिलान्यास स्थान का विरोध करते हुए कहा कि यह निर्माण दुद्धी बार सभागार के निकट होना था। दुद्धी बार के अधिवक्ता फिलहाल शिलान्यास को स्थगित कर,इस पर पुनर्विचार चाहते थे।

इस बात को लेकर दोनों अधिवक्ता आपस में तकरार करने लगे। मामला काफी बढ़ने लगा और देखते ही देखते अधिवक्ता दो गुटों में बंट गए। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता के समझाने बुझाने के बाद विधायक ने किसी तरह शिलान्यास की औपचारिकता पूरी की और गाड़ी से निकलने लगे। तभी अधिवक्ताओं के एक गुट ने कचहरी से निकल रही विधायक की गाड़ी के सामने होकर उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख विधायक ने अपनी गाड़ी को दूसरे रास्ते से कचहरी से बाहर निकलवाया। विधायक के जाने के बाद भी अधिवक्ताओं का हुजूम कचहरी में डटा रहा।सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज संजय सिंह अधिवक्ताओं को समझाने बुझाने में देर शाम तक लगे रहे।



