Breaking News

बच्चों को राष्ट्रध्वज सौंप, मुख्यमंत्री योगी ने शुरू किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

लखनऊ : देश की आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा, मन में राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा और ‘वंदेमातरम एवं भारत माता की जय’ के ओजस्वी नारों से गुंजायमान वातावरण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बच्चों काे राष्ट्रध्वज सौंप कर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का आगाज किया।मुख्यमंत्री आवास परिसर में स्कूली बच्चों के साथ योगी ने आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 13 से 15 अगस्त तक आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

योगी ने स्कूली बच्चों के हाथों में तिरंगा सौंपा तो बच्चों के गर्व और खुशी मिश्रित भाव वाले चेहरे देख लगा मानो नई पीढ़ी अपनी महती जिम्मेदारियों का अहसास कर रही हो।तिरंगा देते हुए मुख्यमंत्री ने बालक-बालिकाओं से उनका परिचय पूछा और आजादी के अमृत महोत्सव के मायने बताए। सीएम ने बच्चों की प्रभात फेरी को हरी झंडी भी दिखाई। मुख्यमंत्री योगी के स्वर में स्वर मिलाकर ‘वंदे मातरम और भारत माता की जय’ के नारे लगाते स्कूली बच्चों का उल्लास चरम पर था।

इस दौरान सीएम योगी ने सभी बच्चों को उपहार भी दिए।ज्ञात हो कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आयोजित किया गया है। इसके तहत सभी सरकारी, निजी, और वाणिज्यिक भवनों पर लोग स्वतः स्फूर्त भाव से राष्ट्रध्वज फहरा रहे हैं। अभियान के तहत प्रदेश में 4.5 करोड़ ध्वज फहराये जाने का अनुमान है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button