Education

मुख्यमंत्री ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण

निर्माण कार्य की प्रगति का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए उचित दिशा निर्देश

अलीगढ़/लखनऊ । अलीगढ़ में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सबसे पहले अलीगढ़ में निर्माणाधीन राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य के ब्लू प्रिंट एवं मैप का भी अवलोकन किया। विश्वविद्यालय के मैप को देखकर उन्होंने अधिकारियों से इस पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मैप के जरिए विश्वविद्यालय के चप्पे-चप्पे से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने भी अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश प्रदान किए।

गौरतलब है कि सितंबर 2019 में योगी सरकार ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय खोलने का ऐलान किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2021 में विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया था। जाट समुदाय से ताल्लुक रखने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर बनाए जा रहे इस विश्वविद्यालय का निर्माण 87.27 एकड़ भूमि पर किया जा रहा है। 101 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले इस विश्वविद्यालय का निर्माण महज दो साल यानी जनवरी 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अलीगढ़ में विश्वविद्यालय खोलने के लिए राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने अपनी जमीन दान दी थी, लेकिन अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में कहीं भी राजा महेंद्र प्रताप सिंह का नाम नहीं लिखा गया। इसीलिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलग से राज्य विश्वविद्यालय खोलने का निर्णय लिया था। योजना के मुताबिक, राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन, शैक्षणिक भवन, लड़कों व लड़कियों का छात्रावास, अधिकारियों के आवास, लाइब्रेरी, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, गार्ड रूम समेत अन्य भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विश्वविद्यालय में अलीगढ़ के साथ ही एटा, कासगंज और हाथरस के करीब 395 कॉलेज को संबंद्ध किया जा रहा है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button