देवरिया । रविवार को एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान हुई प्रसूता की मौत के मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जांच कमेटी गठित की है। मामले की जांच कर कमेटी एक सप्ताह में अपना रिपोर्ट सौंपेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश झा ने बताया कि रविवार को रामलक्षन चौराहे से कुछ लोगों ने सूचना दी कि आयांश हॉस्पिटल लक्षमीपुर बैदा (रामलक्षन) में सिजेरियन आपरेशन के पश्चात एक प्रसूता की मौत हो गयी। सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (आरसीएच) एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी / नोडल अधिकारी हॉस्पिटल पंजीकरण तथा अधीक्षक सा.स्वा. केन्द्र गौरीबाजार मौके पर पहुंच घटना के दृष्टिगत हास्पीटल के पंजीकरण को निलंबित करते हुए बन्द करा दिया। इस मामले की जांच के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की समिति बनाई गई, जिससे प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रकरण की जांच कराए जाने हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों की जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में डॉ राजेन्द्र प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अध्यक्ष, डॉ बी.एन. गिरी अधीक्षक सामु.स्वा. केन्द्र गौरीबाजार, डा. मनोज कुमार सिंह निश्चेतक सामु.स्वा.केन्द्र रुद्रपुर तथा डा. स्वरुपमा यादव, चिकित्साधिकारी (स्त्री रोग विशेषज्ञ) नया प्रा.स्वा. केन्द्र खैरटिया (गौरीबाजार) को सदस्य नामित किया गया है। उन्होंने गठित समिति को निर्देशित किया है कि आयांश हॉस्पिटल लक्षमीपुर, बैदा (रामलक्षण) के आपरेशन के पश्चात हुई मृत्यु से सम्बन्धित विस्तृत जाँच रिपोर्ट एक सप्ताह में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।(हि.स.)



