State

पीएम की सभा में जा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत

बिलासपुर,छत्तीसगढ़ । पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने सूरजपुर जिले से निकली बीजेपी कार्यकर्ताओं से भरी बस बिलासपुर के रतनपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 2 बीजेपी कार्यकर्ता और बस ड्राइवर शामिल है। विश्रामपुर के शिवनंदनपुर मंडल के भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होने के लिए रायपुर जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी लग्जरी बस बिलासपुर जिले में अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े हाईवा से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बस में 40 कार्यकर्ता सवार थे। हादसा सुबह साढ़े 4 से 5 बजे के बीच हुआ।एक्सीडेंट में जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जमदई निवासी सज्जन (30 वर्ष), रूपदेव (55 वर्ष) और बस ड्राइवर अकरम खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लीलू गुप्ता भाजपा मंडल अध्यक्ष विश्रामपुर सहित 5 कार्यकर्ता घायल हैं। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, वहीं घायलों का इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में जारी है। घायलों ने बताया कि बारिश बहुत तेज हो रही थी। इस बीच ड्राइवर को झपकी आ जाने से इतना बड़ा हादसा हो गया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सभी मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घायलों के बयान लिए जा रहे हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर पहुंचेंगे। जहां से रायपुर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए साइंस कॉलेज ग्राउंड में पहुंचकर 7600 करोड़ की सौगात देंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। बीजेपी जनसभा में डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने का दावा कर रही है। इसी सभा में शामिल होने के लिए सूरजपुर से भी बीजेपी कार्यकर्ता पहुंचे थे।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button