
जम्मू : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शिव खोरी दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस गुरुवार को शहर के बाहरी इलाके अखनूर में कालीधार के पास गहरी खाई में गिर गयी जिससे 22 लोगों की मौत हो गयी और 64 अन्य घायल हो गये।पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंजीकरण संख्या वाली एक बस आज अपराह्न तीर्थयात्रियों को कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से भांबला होते हुए जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के पौनी इलाके में शिव खोरी की ओर जा रही थी।यह दुर्घटना जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अखनूर के पास चौकी चौरा क्षेत्र में तुंगी मोड़ पर हुई। उन्होंने बताया कि चालक मोड़ पर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस खाई में लुढ़क गयी।
सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत हरकत में आयी और मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया जहां उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी घटना पर दुख जताया।इस बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है।उन्होंने शोक संदेश में कहा, ‘अखनूर में हुई बस दुर्घटना हृदय विदारक है। मैं लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
‘उन्होंने कहा कि प्रशासन शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है और जो लोग घायल हुए हैं उन्हें चिकित्सा सुविधाएं भी प्रदान कर रहा है।श्री सिन्हा ने दुखद बस हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि की देने की घोषणा की है।डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने भी बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा
गुरुवार को जम्मू कश्मीर में हुए बस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना जाहिर की है। साथ ही सीएम योगी ने मुआवजे का भी ऐलान किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीएम की ओर से हादसे में गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार की मदद की घोषणा की गई है। यही नहीं सीएम योगी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रदेश के अधिकारियों को जम्मू कश्मीर के अधिकारियों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राहत कार्य में तेजी लाने को भी निर्देशित किया है। सीएम के निर्देश पर मथुरा, अलीगढ़ और हाथरस की पुलिस प्रशासन की टीम राहत कार्यों की निगरानी के लिए जम्मू रवाना हो गई है।
सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर में एक दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। इस दुर्घटना में अपने आत्मीय जनों को खोने वाले शोक संतप्त लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
उल्लेखनीय है कि यह दुर्घटना जम्मू राजौरी मार्ग पर अखनूर में हुई, जहां बस खाई में गिर गई। देर शाम तक की जानकारी के अनुसार हादसे में 21 लोगों की जान चली गई, जबकि 69 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए जम्मू मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।(वार्ता)



