
चित्रकूट । अपर मुख्य सचिव गृह/मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा अवनीश कुमार अवस्थी ने शनिवार को निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। उन्होंने बांदा की तरफ से बाई रोड चलकर चित्रकूट सीमा बागेन नदी से जीरो प्वाइंट भरतकूप तक का जायजा लिया।अपर मुख्य सचिव गृह ने यूपीडा के अधिकारियों को निर्देश दिए की टोल प्लाजा का कार्य तेजी से कराया जाए। जहां पर सड़क का कार्य शेष है, उसे भी तत्काल बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान यूपीडा के कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे में प्रकाश व्यवस्था करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस मध्य प्रदेश की सीमा तक का एक नक्शा बनाकर भेजें ताकि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी तैयार करा कर कार्य कराया जा सके। जिससे तीर्थ क्षेत्र चित्रकूट आने वाले पर्यटकों को इस मार्ग का लाभ मिल सके और बुंदेलखंड के निवासियों को रोजगार से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण हो जाने से जनपद चित्रकूट के लोगों को ही नहीं पूरे बुंदेलखंड के लोगों को इस मार्ग का लाभ मिलेगा और उन्हें रोजगार भी मुहैया होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप यह कार्य बहुत ही कम समय में पूर्ण किया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा जीरो पॉइंट भरतकूप चित्रकूट से ही इस कार्य का शुभारंभ किया गया था। जिसका लोकार्पण अब जल्द ही जालौन क्षेत्र के मध्य भाग से प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। जिसकी तैयारी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान चित्रकूट धाम मंडल बांदा के आयुक्त दिनेश कुमार सिंह, आईजी बांदा विपिन कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शीतला प्रसाद पांडेय सहित संबंधित अधिकारी एवं यूपीडा एवं कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।(हि.स.)



