InternationalNational

कभी भारत पर राज करने वाले ब्रिटेन को मिला पहला भारतवंशी प्रधानमंत्री

लंदन : ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंजरवेटिव पार्टी के नेता की होड़ में शामिल पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय मूल के राजनयिक ऋषि सुनक के लिए दीवाली का दिन शुभ रहा। इस होड़ में उनकी प्रतिद्वन्द्वी पेनी मोर्डौंट के सोमवार को पीछे हटने के बाद श्री सुनक पार्टी के नये नेता घोषित किये गये।इस बीच निवर्तमान प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने श्री सुनक को नया नेता चुने जाने पर बधाई दी है।कंजरवेटिव संसदीय पार्टी 1922 समिति के चेयरमैन सर ग्राहम ब्रैडी ने श्री सुनक के नेता चुने जाने की घोषणा की।

श्री सुनक स्थानीय समयानुसार अपराह्न ढाई बजे संसदीय दल को अपना पहला संबोधन करने वाले हैं। इसके बाद वह ब्रिटेन के सम्राट चार्ल्स तृतीय द्वारा प्रधानमंत्री पद पर नियुक्त किये जा सकते हैं।श्री सुनक पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री पद की होड़ में निवर्तमान प्रधानमंत्री लिज ट्रस से पिछड़ गए थे। सुश्री ट्रस को नीतिगत विफलताओं के कारण डेढ़ महीने के अंदर ही पद से इस्तीफा देना पड़ा था। श्री सुनक के सामने ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को संभालना सबसे बड़ी चुनौती होगी।श्री ऋषि सुनक ब्रिटेन के पहले अश्वेत प्रधानमंत्री होंगे और प्रधानमंत्री निवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट के पहले हिंदू वाशिंदा होंगे।

श्री सुनक को कंजरवेटिव पार्टी के संसदीय दल के 180 सदस्यों का घोषित समर्थन था जबकि सुश्री पेनी मोर्डौंट 100 सदस्यों का समर्थन नहीं जुटा सकीं और उन्हें प्रधानमंत्री की दौड़ से बाहर होना पड़ा।पूर्व विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस समय श्री बोरिस जॉनसन का प्रधानमंत्री बनना सबसे अच्छा रहता। उन्होंने कहा कि अब जबकि श्री सुनक नेता चुन लिये गये हैं तो उनका समर्थन नये प्रधानमंत्री के साथ है। सुश्री पेनी ने भी अपना नाम वापस लेते समय पार्टी की संसदीय समिति के सदस्यों से कहा कि उनका समर्थन नये प्रधानमंत्री के साथ होगा।श्री सुनक ने सात सप्ताह पहले प्रधानमंत्री पद की होड़ से बाहर होने के बाद अवसर मिलने पर पुन: उस लक्ष्य को हासिल कर ब्रिटेन के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है।

बधाई ऋषि सुनक :मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन में ऋषि सुनक को प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी है। श्री मोदी ने भारतीय मूल के श्री सुनक के माध्यम से ब्रिटेन में रह रहे भारतवंशियों को भी दिवाली की विशेष शुभकामना दी है।प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर अपने बधाई संदेश में कहा, “ श्री ऋषि सुनक ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनने पर आपको हार्दिक बधाई। मैं विभिन्न वैश्विक मुद्दों और 2030 की वृहद योजना को लागू करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने की प्रतीक्षा करता हूं। ऐसे समय में जबकि हम अपने दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को एक आधुनिक भागीदारी में परिवर्तित कर रहे हैं, ब्रिटेन में रह रहे भारतीयों के ‘सजीव सेतु’ ( लिविंगब्रिज) को दिवाली की विशेष शुभकामनाएं।”

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान लंदन के व्हेंबली स्टेडियम में विश्व भर में फैले भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए ‘लिविंगब्रिज’ शब्द का प्रयोग किया था। इस शब्द प्रयोग से प्रधानमंत्री मोदी का तात्पर्य है कि विश्व में फैले भारतीय अपने निवास के देश और अपने मूल देश भारत के बीच सजीव सेतु की भूमिका निभाते हैं।श्री सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद पर पहुंचने वाले पहले अश्वेत और पहले हिंदू धर्मावलंबी हैं।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button