InternationalNational

रूसी हमले का 18वां दिन: यूक्रेन के 20 शहरों पर एक साथ बरसे बम

अमेरिका, नाटो व यूक्रेन के संयुक्त प्रशिक्षण केंद्र पर हमला, नौ लोगों की मौत

कीव । यूक्रेन पर हमले के 18वें दिन रूस ने हमलों की रफ्तार बढ़ा दी है। रविवार को यूक्रेन के बीस शहरों पर एक साथ बम बरसाए गए हैं। नाटो और अमेरिका के साथ संचालित यूक्रेन के प्रशिक्षण केंद्र पर भी हमला किया गया है।यूक्रेन और रूस के बीच चल रही जंग के 18वें दिन कीव समेत यूक्रेन के 20 शहरों पर रूस ने बमबारी तेज कर दी है। माना जा रहा कि रूस कीव पर कब्जा कर सकता है। बमबारी से मारियुपोल शहर में नागरिक बुनियादी ढांचे और इमारतों को व्यापक नुकसान पहुंचाया गया है। रूसी सेना लगातार गोलाबारी कर रही है।

रूस ने पोलैंड के साथ लगी सीमाओं से लगभग 25 किमी दूर यवोरिव में नाटो, अमेरिका और यूक्रेन के संयुक्त प्रशिक्षण केंद्र पर भी हमला किया है। लवीव के पश्चिमी शहर के पास यवोरिव बेस को “पीसकीपर सेंटर” कहा जाता है। इसका उपयोग यूक्रेन की सेना के प्रशिक्षण के लिए विदेशी प्रशिक्षकों, मुख्य रूप से यूएस फ्लोरिडा नेशनल गार्ड द्वारा किया जाता है, ताकि यूक्रेन को रूस को चुनौती देने वाला नाटो बेस बनने के लिए तैयार किया जा सके। इसे युद्ध में इस्तेमाल होने वाले घातक हथियारों के परिवहन के लिए सबसे सुरक्षित केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि रूस ने अधिकांश यूक्रेनी हवाई अड्डों पर बमबारी की थी। यूक्रेन के लवीव क्षेत्र के गवर्नर का कहना है कि एक सैन्य रेंज पर रूसी हवाई हमले में नौ लोगों की मौत हो गई है और 57 लोग घायल हुए हैं।

भारत अस्थायी तौर पर यूक्रेन से अपना दूतावास पोलैंड स्थानांतरित करेगा

नई दिल्ली। भारत ने रूस की ओर से हमले की मार झेल रहे पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन से अपने दूतावास को अस्थाई तौर पर पोलैंड में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है।विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि यूक्रेन में तेजी से बिगड़ते सुरक्षा हालात और अब देश के पश्चिमी हिस्सों पर भी होते हमलों को देखते हुए दूतावास को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। बदलते घटनाक्रम को देखते हुए स्थिति की बाद में दोबारा समीक्षा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि रूस ने पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन पर हमला किया है। उसकी सेना धीरे-धीरे देश की पूर्वी सीमा से बढ़ते हुए राजधानी कीव की ओर जा रही है। इसी बीच अभी तक सुरक्षित यूक्रेन के पश्चिमी हिस्सों पर भी रूस ने हमला शुरू कर दिया है। पश्चिमी भाग के जरिए ही भारत ने अपने नागरिकों और छात्रों को अन्य यूरोपीय देशों के माध्यम से युद्धग्रस्त देश से निकाला था।इससे पहले आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूक्रेन में चल रहे संघर्ष के संदर्भ में भारत की सुरक्षा तैयारियों और मौजूदा वैश्विक परिदृश्य की समीक्षा के लिए रक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक की अध्यक्षता की थी। (हि.स.)

Related Articles

Back to top button