UP Live

भलुअनी में एनएसएस के छठवें दिन रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

भलुअनी, देवरिया स्थित अभयानन्द शिक्षा संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के छठवें दिन रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एनसीसी व एनएसएस के छात्रों व शिक्षकों सहित 30 लोगों ने रक्तदान किया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. के. शर्मा द्वारा लगभग 200 मरीजों की निःशुल्क जांच व दवा वितरण किया गया।

भलुअनी, देवरिया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छठवें दिन भलुअनी क्षेत्र स्थित अभयानन्द शिक्षा संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज, शिवधरिया में रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से रक्तदान शिविर एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सामाजिक सेवा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

शिविर के दौरान एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विद्यालय परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। एनसीसी व एनएसएस के छात्र चंदन गुप्ता, सौरभ मिश्रा, अभिषेक यादव, मृत्युंजय विश्वकर्मा, मधु यादव, निशा, लाली प्रजापति, प्रियंका चौहान, विद्या प्रजापति सहित शिक्षक अशोक कुमार सिंह, राजेश कुमार जायसवाल, राघवेन्द्र प्रताप सिंह समेत कुल 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का परिचय दिया।

वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. के. शर्मा द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में करीब 200 मरीजों की निःशुल्क जांच की गई तथा आवश्यक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के कुल मुख्य रमेश चंद सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के छठवें दिन रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर विद्यालय परिवार स्वयं को गौरवान्वित और अह्लादित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्रों में सामाजिक दायित्व की भावना विकसित होती है और समाज को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलता है।

इस अवसर पर रेड क्रॉस के उप सभापति डॉ. तेज प्रताप सिंह, जिला सचिव अखिलेन्द्र प्रताप शाही, प्रबंधक ई. सतीश सिंह, प्रधानाचार्य बी. एन. यादव, अशोक सिंह, राघवेन्द्र सिंह, सच्चिदा नन्द मल्ल, नवनीत पाठक, सतीश रावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश जायसवाल ने किया।

भलुअनी में विकसित भारत-जी-राम-जी अभियान के तहत कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल का आयोजन

Related Articles

Back to top button