Breaking News

लखीमपुर खीरी की आठों सीटों पर भाजपा की जीत

लखीमपुर-खीरी । विधान सभा चुनाव 2022 में मोदी-योगी की लहर कायम रही। जिले की सभी सीटों पर पुराने विधायक दोबारा चुने गये। हर सीट पर समाजवादी पार्टी दूसरे स्थान पर रही। मोहम्मदी सीट पर भाजपा-सपा प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर सबसे कम और निघासन में सबसे ज्यादा रहा।भाजपा की जीत पर गुरुवार को कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशी मनाई। ढोल-नगाड़ों के साथ खूब अबीर-गुलाल उड़ाये। भाजपा के झंडे के साथ कार्यकर्ता जय श्री राम के नारे लगाते दिखाई दिखे।

विधानसभा धौरहरा में भाजपा प्रत्याशी विनोद शंकर अवस्थी ने सपा प्रत्याशी वरुण सिंह को 24,610 मतों से परास्त किया। यहां तीसरे पायदान पर बसपा के आनंद मोहन त्रिवेदी रहे। वहीं गोला गोकर्णनाथ गोला गोकर्णनाथ में अरविंद गिरि लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए। उन्होंने सपा प्रत्याशी विनय तिवारी को 29,294 मतों से हराया।विधानसभा कस्ता से भी भाजपा प्रत्याशी सौरभ सिंह सोनू ने दोबारा जीत हासिल की। उन्होंने सपा प्रत्याशी सुनील कुमार भार्गव को 13,817 मतों से पराजित किया। यहां बसपा की हेमवती देवी तीसरी और कांग्रेस के राधेश्याम चौथे स्थान पर रहे।

लखीमपुर विधान सभा में भी भाजपा प्रत्याशी योगेश वर्मा दोबारा चुने गए। एक बार फिर उन्होंने उत्कर्ष वर्मा मधुर को पराजित किया। इस बार जीत का अंतर 20,587 रहा। मोहम्मदी विधान सभा में कांटे की टक्कर रही। यहां सपा के दाउद अहमद शुरुआती राउण्ड में काफी आगे रहे। एक समय उनकी जीत के प्रति सपा आश्वस्त तक होने लगी थी, लेकिन इसके बाद भाजपा प्रत्याशी लोकेंद्र प्रताप सिंह के वोटों की संख्या बढऩे लगी।

अंतिम राउण्ड तक उन्होंने दाउद अहमद से संघर्ष करते हुए महज 4,871 वोटों के अंतर से सीट पर दोबारा कब्जा किया। यहां भी तीसरे और चौथे पायदान पर क्रमश: बसपा के शकील अहमद सिद्दीकी व कांगे्रस की रितु सिंह रहीं।तिकुनियां हिंसा कांड के बाद सबसे ज्यादा नजर निघासन सीट पर थी। इस सीट को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे और तरह-तरह की अटकलें लग रही थीं। लेकिन मतदाताओं ने उन अटकलों को पूरी तरह नकार दिया। निघासन सीट से भाजपा प्रत्याशी ने जिले की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी शशांक वर्मा ने सपा प्रत्याशी आरएस कुशवाहा को 41,009 मतों के भारी अंतर से मात दी।

पलिया विधायक हरविंदर कुमार साहनी उर्फ रोमी साहनी ने भाजपा से लगातार दूसरी और जिले में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। हालांकि यहां उन्हें सपा प्रत्याशी प्रीतेंद्र सिंह कक्कू ने शुरुआती कई राउण्डों में पछाड़े रखा। इसके बाद रोमी साहनी ने बढ़त बनानी शुरू की। आखिरी राउण्ड और पोस्टल बैलेट वोटों के आधार पर रोमी ने प्रीतेंद्र को 38,129 मतों से शिकस्त दी।श्रीनगर विधान सभा में भी भाजपा प्रत्याशी मंजू त्यागी का रुतबा बरकरार रहा। मंजू त्यागी ने सपा प्रत्याशी राम सरन को 17,608 मतों से हराया। मीरा बानों को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं कांग्रेस चौथे स्थान पर रही।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button