Politics

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काशी दौरा, संगठन को साधने का बड़ा अभियान

उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी 7 जनवरी को दो दिवसीय प्रवास पर वाराणसी पहुंचेंगे। काशी में उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया जाएगा। 8 जनवरी को वे काशी विश्वनाथ व काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से भाजपा की आगामी रणनीति और कार्ययोजना पर मंथन करेंगे।

  • 7–8 जनवरी को वाराणसी प्रवास, दर्शन-पूजन से लेकर 16 जिलों के पदाधिकारियों के साथ रणनीतिक बैठकें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया नेतृत्व मिलने के बाद संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आ गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी 7 जनवरी को अपने दो दिवसीय प्रवास पर काशी पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भव्य स्वागत से लेकर बैठकों तक का विस्तृत रोडमैप तैयार किया है।

भव्य स्वागत की तैयारियां

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 7 जनवरी को गोरखपुर से सड़क मार्ग द्वारा गाजीपुर होते हुए सायं लगभग 5 बजे वाराणसी की सीमा में प्रवेश करेंगे। सीमा में प्रवेश करते ही जिला भाजपा द्वारा कैथी में ढोल-नगाड़े, शंखनाद और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद भाजपा महानगर इकाई द्वारा आशापुर में काशी की परंपरा के अनुरूप “हर-हर महादेव” के उद्घोष और पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया जाएगा। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर कार्यकर्ता स्वागत कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

संगठनात्मक बैठक में दी गई जानकारी

प्रदेश अध्यक्ष के आगमन एवं कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर रोहनिया स्थित भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि 7 जनवरी की रात्रि प्रदेश अध्यक्ष सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे।

8 जनवरी का विस्तृत कार्यक्रम

उन्होंने बताया कि 8 जनवरी को पूर्वाह्न 9 बजे प्रदेश अध्यक्ष काशी विश्वनाथ मंदिर एवं काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके उपरांत वे भेलूपुर के जवाहरनगर कॉलोनी स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय पहुंचेंगे।

पूर्वाह्न 11 बजे रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिला एवं महानगर के पदाधिकारी, सातों मोर्चों के अध्यक्ष और सभी मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसॉर्ट में काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 16 संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी।

बैठक में शामिल होंगे प्रमुख पदाधिकारी

इस बैठक में सांसद, 2024 लोकसभा चुनाव के सांसद प्रत्याशी, विधायक, 2022 विधानसभा चुनाव के विधायक प्रत्याशी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला प्रवासी, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य तथा काशी क्षेत्र में निवासरत प्रदेश एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 8 जनवरी को अपराह्न विमान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

व्यवस्था टोली का गठन

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत और कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए भाजपा ने व्यवस्था टोली का गठन किया है। कार्यक्रम की जिम्मेदारियों को 19 विभागों में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रत्येक विभाग में चुनिंदा और अनुभवी कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि आयोजन सुचारु और अनुशासित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में मौजूद रहे प्रमुख नेता

बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर ने किया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, क्षेत्र उपाध्यक्ष संत बख्श सिंह, क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा एवं राजेश राजभर, काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष का यह प्रवास संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देगा तथा आगामी राजनीतिक रणनीतियों को मजबूती प्रदान करेगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गोवा में भारतीय तटरक्षक के पहले स्वदेशी प्रदूषण नियंत्रण पोत को किया समर्पित

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button