UP Live

जफराबाद के भाजपा विधायक पाए गए कोरोना पॉजिटिव, संक्रमण की आशंका से लोग त्रस्त

जौनपुर । जफराबाद विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉक्टर हरेंद्र सिंह के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर से जिले में हड़कंप मच गया है। पेशे से चिकित्सक और बतौर विधायक व्यापक जनसंपर्क वाले जनप्रतिनिधि होने के कारण उनके संपर्क में रहने वालों की एक बड़ी तादाद है। भाजपा विधायक ने सोशल मीडिया के जरिए अपने संपर्क में आए हुए लोगों से कोरोना जांच करवा लेने की अपील भी की है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव से संबंधित व्यापक प्रचार अभियान में भाजपा विधायक डॉक्टर हरेन्द्र सिंह ने भी सक्रिय हिस्सेदारी की थी। प्रचार अभियान के दौरान उन्हें विभिन्न जगहों पर जाना पड़ा था, तमाम लोगों से अलग-अलग मिलना भी पड़ा था और कई जनसभाओं में उन्होंने हिस्सेदारी भी की। अभी हाल ही में 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल हुए डॉक्टर हरेंद्र सिंह ने ऐसा मंच साझा किया था जिस‌ पर एक ही साथ काफी संख्या में बीजेपी नेता एवं मंत्री गण मौजूद रहे। इन सब कारणों से बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो संक्रमण की आशंका से ग्रसित हो गए हैं। बहरहाल भाजपा विधायक ने स्वयं ही लोगों को सलाह दे दी है कि जो भी संपर्क में आया हो, वह अपना टेस्ट जरूर करवा ले।

अपने फेसबुक अकाउंट पर डॉक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया है कि “कोरोना संक्रमण के प्रारंभिक लक्षण आने के बाद मैंने #कोविड19 टेस्ट करवाया जिसमें आज मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है व साथ में हमारे प्रतिनिधि संतोष सिंह पिंटू जी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। आप सभी से मेरा निवेदन है कि पिछले कुछ दिनों में जो भी मेरे सम्पर्क में आए हैं, वो सभी निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी जाँच करवायें एवं कोविड नियमों का पालन करें।”

Related Articles

Back to top button