भाजपा नेत्री ने सपा समर्थक पर दर्ज कराया छेड़खानी का मुकदमा
हमीरपुर । भाजपा महिला मोर्चा की नगर इकाई की कोषाध्यक्ष के साथ सपा समर्थक द्वारा की गई मारपीट के विवाद पुलिस पटाक्षेप कराने में नाकामयाब रही। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने गाली गलौज कर मारपीट करने, छेड़खानी करने का मुकदमा कायम किया है। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी भूमिगत हो गये है। सुमेरपुर कस्बे के गुटखा फैक्ट्री के समीप रहने वाली उमा साहू भाजपा महिला मोर्चा नगर इकाई की कोषाध्यक्ष है। मंगलवार को उमा साहू के किराएदार की गाड़ी से सपा समर्थक मुकेश साहू की बाइक में टक्कर लग गई थी।
इसी बात को लेकर उमा साहू एवं मुकेश साहू के मध्य विवाद हुआ था। उमा साहू का आरोप है कि मुकेश साहू ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की और कपड़े फाड़ कर छेड़खानी की थी। पुलिस इस प्रकरण में समझौता कराने में जुटी हुई थी लेकिन कामयाब नहीं हुई। बुधवार को उमा साहू की तहरीर पर पुलिस ने मुकेश साहू व उनकी मां के खिलाफ गाली गलौज मारपीट तथा छेड़खानी करने का मुकदमा कायम किया है। मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी भूमिगत हो गए है। (हि.स.)



