Breaking News

नगर निकाय चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करेगी भाजपा: चौधरी

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने गुरूवार को कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दौरान पार्टी को मिले आपार जनसमर्थन से यह तय हो गया है कि भाजपा नगर निकाय चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज कराएगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में डबल इंजन वाली सरकार के लोक कल्याणकारी कार्यों और विकास की योजनाओं पर नगरीय निकाय के चुनाव में आमजनमानस में मोहर लगाई है।

उन्होंने दावा किया कि नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण में नगर निगम के दस महापौर प्रत्याशियों में से भाजपा सभी दस सीटों पर महापौर का चुनाव जीतेगी और बड़ी संख्या में पार्टी के पार्षद चुनकर आएगें।श्री चौधरी ने कहा कि नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी अधिकतर जगहों पर भाजपा को जनता के आशीर्वाद और समर्थन से जीत हासिल होगी। साथ ही सभी निकायों में बोर्ड भी भाजपा का होगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने लोकतंत्र के इस महापर्व में सहभागिता करने वाले मतदाताओं का आभार जताया उन्होंने निर्वाचन आयोग, चुनाव प्रक्रिया से जुडे हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों का भी आभार जताया। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का भी अभिनंदन करते हुए कहा कि निकाय चुनाव के लिए लम्बे समय से चुनाव की तैयारियों में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही परिणाम है कि प्रथम चरण के चुनाव के बाद ही यह दिखने लगा है कि प्रदेश में भाजपा बड़ी जीत की ओर बढ़ चली है।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button