Breaking News

भगवान हों या भक्त, सभी चाहते हैं सच्चा प्रेम : महामंडलेश्वर भवानीनन्दन यति

गाजीपुर । सिद्धपीठ हथियाराम मठ के 26वें पीठाधिपति महामंडलेश्वर स्वामी भवानी नंदन यति महाराज ने कहा कि भक्त और भगवान में प्रगाढ़ सम्बंध है। चाहे भगवान हों या भक्त, हर कोई सच्चे प्रेम का भूखा होता है। यह बात हम सन्त महात्माओं पर भी लागू होती है। कालीधाम पर दर्शन पूजन हेतु श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिन भर लगी रही।

महामंडलेश्वर ने यह बातें प्रसिद्ध कालीधाम मन्दिर हरिहरपुर पर चल रहे नवरात्र महोत्सव के दौरान गुरुवार को पत्र प्रतिनिधियों से भेंट के दौरान कही। स्वामी भवानीनन्दन ने जनपद के पत्रकारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले के पत्रकार काफी सहज और शांत स्वभाव के हैं, जो अन्यत्र कम ही देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि यह जिला संत परम्परा, देश परम्परा और किसान परम्परा के लिए प्रसिद्ध है।

उन्होंने कहा कि संकल्प को विकल्प में बदलने वाला जीव कभी सफल नहीं होता है। संकल्प मजबूत होने से कठिन से कठिन काम भी सरलता से सम्पन्न हो जाते हैं। अगर संत, मुनियों की छाया जीव पर आ जाए तो उनका जीवन सुधर जाता है। उन्होंने कहा कि दीन-दुखियों की सेवा के साथ ही प्रभु का स्मरण करना चाहिए। इससे सुख, शांति और समृद्धि मिलती है। महामंडलेश्वर ने पत्र प्रतिनिधियों को आशिर्वचन स्वरूप प्रसादादि वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button