Breaking News

बलिया : छह विधायक इस बार नहीं देख पाएंगे विधानसभा का मुंह

बलिया । जिले की सात विधानसभा सीटों पर इस बार का चुनाव कई मायनों में अलग साबित हुआ। रसड़ा से बसपा के उमाशंकर सिंह को छोड़कर पिछली बार का कोई विधायक विधानसभा का मुंह नहीं देख सकेगा।भाजपा ने इस बार अपने दो विधायकों का टिकट काट दिया था। बैरिया के चर्चित विधायक सुरेन्द्र सिंह का टिकट काट कर योगी सरकार के मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल और बेल्थरारोड के विधायक धनंजय कन्नौजिया की जगह बसपा छोड़कर आए छट्ठू राम को टिकट दिया गया था। चुनाव नहीं लड़ पाने के कारण सिटिंग विधायक धनंजय कन्नौजिया विधानसभा नहीं पहुंच पाएंगे, जबकि संजय यादव हार जाने के कारण लगातार दूसरी बार विधानसभा पहुंचने से महरूम रह गए। वहीं बेल्थरारोड से जीते सपा और सुभासपा गठबंधन के हंसू राम पहली बार विधानसभा की दहलीज लांघेंगे। हालांकि, सिकन्दरपुर से जीते सपा के मो. जियाउद्दीन रिजवी तीसरी बार विधानसभा में पहुंचेंगे।

बलिया नगर से आनंद स्वरूप शुक्ल के स्थान पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह को उम्मीदवार बनाया गया। दयाशंकर सिंह तो जीत गए लेकिन मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल बैरिया में सपा के जयप्रकाश अंचल के हाथों हार गए। जयप्रकाश अंचल दूसरी बार विधानसभा में जा रहे हैं। जबकि भाजपा के बागी और वीआईपी पार्टी के उम्मीदवार सुरेन्द्र सिंह भी 28 हजार से अधिक वोट पाकर हार गए हैं। लिहाजा वे भी विधानसभा में जाने से वंचित हो गए।वहीं, फेफना से हैट्रिक की आस लगाए मंत्री उपेन्द्र तिवारी भी सपा के संग्राम सिंह से पराजित हो गए। इसलिए विधानसभा का रास्ता इनके लिए भी बंद हो गया। उधर, सपा के प्रत्याशी रामगोविन्द चौधरी भी भाजपा की केतकी सिंह के हाथों पराजित हो गए। जिससे नौवीं बार विधानसभा में जाने का उनका इरादा धरा का धरा रह गया।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button