
बलिया ने बैढ़न को 57 रनों से परास्त कर अगले चक्र में किया प्रवेश, मुरारी बने मैन आफ द मैच
35वां अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का तीस दिन
दुद्धी, सोनभद्र। टाऊन क्लब के तत्वाधान में स्थानीय टीसीडी क्रीड़ांगन पर चल रहे 35वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे मैच में बलिया की टीम ने बैढ़न मध्य प्रदेश की टीम को 57 रनों से हराकर प्रतियोगिता के अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। मैच का टॉस बैढ़न ने जीता व पिच की नमी को देखते हुए पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। 20-20 ओवरों के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बलिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में अपने 4 विकेट खोकर 288 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
बलिया के बल्लेबाजों में मुरारी यादव ने 21 छक्का और 7 चौका की मदद से 165 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा विशाल सिंह ने 22, रोहित रंजन ने 21 व मुहम्मद सैफ ने 17 रन बनाये। बैढ़न के गेंदबाजों में मोहित, अजय सोनी व संजय खान ने एक एक विकेट हासिल किए । दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी बैढ़न की टीम 20 ओवरों में अपने 8 विकेट खोकर 231 रनों पर सिमट गई।बैढ़न के बल्लेबाजों में मनीष मार्को ने 10 छक्के व 4 चौके की मदद से सर्वाधिक 90 रनों की पारी खेली। संजय खान ने 7 छक्का और 5 चौकों की मदद से 70 रन, संजू ने 4 छक्के व 2 चौके की मदद से 37 रन व अमित ने 12 रन जोड़े।
बलिया के गेंदबाजों में मिथलेश ने 3 विकेट, लोकेश पांडेय ने 2 विकेट व मयंक पांडेय ने 1 विकेट अर्जित किया। इस प्रकार बलिया की टीम ने बैढ़न को 57 रनों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। मैच में 165 रनों की शतकीय पारी खेलने वाले बलिया के मुरारी यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित कर मुख्य अतिथि आलोक सिंह के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर सुनील गुप्ता व इकबाल कुरैशी, स्कोरिंग विराट और राहुल, कमेंट्री इरफान व नागेंद्र राज ने किया। अगला मैच चोपन व बलिया के बीच खेला जाएगा।



