
बलिया 84 रनों के भारी अंतराल से चोपन को रौंद सेमीफाइनल चक्र में
35वां अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का चौथा दिन ,बलिया के आरजू को मिला मैन आफ द मैच का पुरस्कार
दुद्धी, सोनभद्र– टाऊन क्लब के तत्वाधान में स्थानीय टीसीडी क्रीड़ांगन पर चल रहे 35वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे मैच में बलिया की टीम ने चोपन को 84 रनों के भारी अंतराल से हराकर प्रतियोगिता के सेमीफाइनल चक्र में प्रवेश कर गई। मैच की बावत जानकारी देते हुए कमेंटेटर सलीम खान ने बताया कि मैच का टॉस चोपन के कप्तान नफीस ने जीता व पिच की नमी को देखते हुए पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया।
20-20 ओवरों के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बलिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में अपने 8 विकेट खोकर 209 रनों का स्कोर खड़ा किया। बलिया के बल्लेबाजों में मोहम्मद सैफ ने ने 4 छक्का और 7 चौका की मदद से 59 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा आरजू ने 7 छक्काकी मदद से 48 रन, मुरारी ने 4 छक्का और 4 चौका की मदद से 43 रन तथा पंकज ने 3 छक्का व एक चौक लगते हुए 26 रन बनाए। चोपन के गेंदबाजों में विनीत, राजनायक और कौशल ने 2-2 विकेट अर्जित किये। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए उतरी चोपन की टीम 17 ओवरों में 125 बनाते-बनाते आल आउट हो गई।
चोपन के बल्लेबाजों में अंकुश ने 5 चौकों की मदद से सर्वाधिक 34 रनों की पारी खेली। इसके अलावा फैजल ने 2 छक्का और 3 चौके की मदद से 26 रन, आकाश ने 2 छक्का एक चौका लगते हुए 23 तथा नफ़ीस ने 16 रन बनाए। बलिया के गेंदबाजों में लोकेश ने अपने 3 ओवरों की गेंदबाजी में 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किया। इसके अलावा मिथलेश को 2 और मयंक को एक विकेट मिला। बलिया के खिलाड़ी आरजू को मैन ऑफ द मैच घोषित कर मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार प्रभात कुमार के हाथों पुरस्कृत किया गया। मैच के अंपायर सुनील गुप्ता व इकबाल कुरैशी, स्कोरिंग आर्यन और राहुल विराट, कमेंट्री सलीम खान ने किया। शुक्रवार को शाहगंज और अनपरा के बीच प्रातः 10 बजे से 20-20 ओवरों का मैच खेला जाएगा।



