NationalPolitics

सपा राज में बाहुबली और योगी सरकार में बाहुबली नहीं, बजरंग बली दिखते हैं: गृहमंत्री

सपा का निजाम आजम, मुख्तार, नसीरूद्दीन व इमरान मसूद तक सीमित: शाह

  • सपा-बसपा सरकार ने विकास नहीं,भ्रष्टाचार कर केवल बटोरे नोट: अमित शाह
  • बुआ, बबुआ और बहन मिलकर भी नहीं कर सकते भाजपा का मुकाबला: शाह

लखनऊ । केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सपा-बसपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि बुआ-बबुआ की सरकार ने अपने 15 साल के शासन में विकास नहीं, केवल भ्रष्टाचार के नोटों से बोरियां भरीं। अखिलेश का निजाम तो नसीरुद्दीन, इमरान मसूद, आजम और मुख्तार तक सीमित था। जबकि मोदी और योगी का विकास वाला निजाम है। योगी के अलावा उत्तर प्रदेश को कोई विकास के पथ पर नहीं ले जा सकता है। उनके नेतृत्व में प्रदेश चहुंमुखी विकास कर रहा है। पूरे प्रदेश से माफिया का पलायन हो गया है। उन्होंने कहा कि बुआ-बबुआ और बहन (प्रियंका गांधी वाड्रा) तीनों इकट्ठा भी हो जाएं, तो भी भाजपा के आगे उनकी दाल नहीं गलने वाली है। यूपी में भाजपा लगातार चौथी बार विजय दर्ज करेगी। तीन सौ से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर फिर सरकार बनाएगी। गृहमंत्री शाह, बृहस्पतिवार को मुरादाबाद, अलीगढ़ और उन्नाव में विशाल ‘जन विश्वास यात्रा’ को संबोधित कर रहे थे।

सपा पर हमलावर शाह ने कहा कि अखिलेश के शासन में हर जिले में बाहुबली थे, जो लोगों को परेशान करते थे, उनकी जमीन छीन लेते थे। आज योगी राज में कोई बाहुबली नहीं, बजरंग बली दिखते हैं। सपा-बसपा ने अपने 15 साल के शासन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्या हाल किया, यह जगजाहिर है। सपा के एक नेता ने तो बलात्कार पर कहा था कि लड़कें हैं, गलती हो जाती है। आज योगी सरकार मां और बहनों की सुरक्षा को वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी की आज हिम्मत नहीं है कि बहन-बेटियों के साथ छेड़खानी कर सके। सपा के राज में 700 दंगे हुए और चौधरी चरण सिंह के प्रदेश को लहूलुहान कर दिया गया। लोग पलायन को बाध्य हुए। योगी सरकार में पलायन करने वाले ही पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय बनाने जा रही है। पीएम मोदी दो जनवरी को इसकी आधारशिला रखेंगे। 250 करोड़ की लागत से शामली में पीएसी की बटालियन बन रही है।

उन्होंने सवाल किया कि पीएसी बटालियन आने के बाद दंगा होता है क्या? उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के निजाम का एन-नसीरूद्दीन, आई-इमरान मसूद, जेड- आजम और एम का मतलब मुख्तार था। रामपुर वाले आजम खान ने एक हजार हेक्टेयर जमीन हड़प ली। आज वह कहां हैं और उन्हें जेल में मनाने कौन जाता है? उन्होंने जनता से पूछा कि अखिलेश का निजाम चाहिए या मोदी-योगी के विकास विकास वाला निजाम चाहिए? उन्होंने कहा कि सपा में तीन ‘पी’ परिवार, पक्षपात और पलायन पर काम होता था। जबकि भाजपा का तीन ‘वी’ विकास, व्यापार और सांस्कृतिक विरासत है।

शाह ने कहा कि हम गन्ना किसानों की बात करते हैं और उनको जिन्ना याद आते हैं। लेकिन बाबू जी (कल्याण सिंह) कभी नहीं याद आते हैं, जिन्होंने सबसे पहले उत्तर प्रदेश में बताया था कि सुशासन क्या होता है। राम मंदिर के लिए उन्होंने अपनी कुर्सी बलिदान कर दी थी। जबकि सपा ने कारसेवकों पर गोली और डंडे चलाये थे। राम मंदिर में बाधाएं खड़ी की, लेकिन अखिलेश कितना भी जोर लगा लें, पीएम मोदी ने राम मंदिर का शिलान्यास कर दिया है, कुछ ही माह में रामलला का गगनचुम्बी मंदिर तैयार हो जाएगा। इसी तरह सपा, बसपा और कांग्रेस ने लामबंद होकर धारा 370 हटाने का विरोध किया, लेकिन पीएम मोदी ने 370 को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया।

गंगा में डुबकी लगा लें अखिलेश, धुल जाएगा भ्रष्टाचार का पाप

गृहमंत्री शाह ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश और उनके पिता जी के शासन में उन्नाव आया था, लेकिन गंगा इतनी प्रदूषित थी कि डुबकी तो लगा ली, लेकिन आचमन नहीं कर पाया था। आज मोदी जी ने बाबा विश्वनाथ धाम और गंगा को निर्मल कर दिया है। अखिलेश गंगा में डुबकी लगाकर भ्रष्टाचार के पाप को धुल सकते हैं। यह बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि इत्र व्यापारी के घर से 250 करोड़ के थैले मिल रहे हैं तो अखिलेश के पेट में मचलन (मरोड़) क्यों हो रही है। जब उनका पैसा नहीं है, तो क्यों परेशान हैं। भाजपा सरकार अब टैक्स की चोरी नहीं होने देगी। शाह ने कहा कि सपा-बसपा एक बार फिर प्रदेश को जंगलराज की ओर ले जाएंगे।

बुआ-बबुआ ने बारी-बारी से केवल एक जाति की राजनीति की । यह दोनों दल प्रदेश का भला नहीं कर सकते हैं। जबकि भाजपा सबका विकास कर रही है। योगी के नेतृत्व में यूपी चहुंमुखी विकास कर रहे हैं। मोदी-योगी सरकार सबको मुफ्त में राशन, निशुल्क गैस कनेक्शन, मकान, शौचालय और पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा दे रही है।

Related Articles

Back to top button