
बाबा का बुल्डोजर -मेरठ में सरकारी पार्क में बनी दुकानों पर चला बुल्डोजर
मेरठ । उप्र में बुल्डोजर बाबा के नाम से विख्यात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल में भी दबंगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। मंगलवार को टीपीनगर थाना क्षेत्र में ढाई लाख के ईनामी बदन सिंह बद्दो से खरीदे पार्क में बनी दुकानों को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था रही।
कुख्यात माफिया बदन सिंह बद्दो के पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद उस पर ढाई लाख रुपए का ईनाम घोषित है। बद्दो ने टीपीनगर थाना क्षेत्र की जगन्नाथ पुरी में सरकारी पार्क में कब्जा करके उसे भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता काले के साले शिवकुमार को बेच दिया। यह जमीन शिवकुमार की पत्नी रेनू गुप्ता के नाम है। उप्र में माफिया अवैध रूप से कब्जाई और अर्जित सम्पत्ति पर सरकार का बुल्डोजर चल रहा है। माफिया बद्दो ने भी दूसरों के नाम पर अपनी सम्पत्ति बनाई हुई है। मेरठ में भी मंगलवार को मेरठ विकास प्राधिकरण ने अवैध कब्जे वाली इस ढाई बीघा जमीन को ध्वस्त करके कब्जा मुक्त कराया। पुलिस फोर्स के साथ पहुंची एमडीए की टीम ने जमीन में बनी दुकानों को ध्वस्त कर दिया। शिवकुमार ने ये दुकानें पटेल नगर के कबाड़ी नईम को किराए पर दी हुई थी। कबाड़ी ने इन दुकानों में अपना गोदाम बनाया हुआ था।
टीपीनगर इंस्पेक्टर विवेक शर्मा ने बताया कि माफिया बदन सिंह बद्दो और उसके सहयोगियों ने सरकारी पार्क की जमीन पर अवैध कब्जा करके उसका रेनू गुप्ता के नाम पर बैनामा करा दिया था। इसके बाद अवैध तरीके से बिना अनुमति के दुकानें बना दी गई थी। किसी भी प्रकार की सरकारी सम्पत्ति से अवैध कब्जा हटवाया गया है। इससे पहले पुलिस प्रशासन ने सोतीगंज के कबाड़ियों द्वारा अवैध धंधों से अर्जित की गई लगभग 70 करोड़ रुपए कीमत की सम्पत्ति जब्त की जा चुकी है। इसके पूर्व पुलिस ने जगन्नाथ पुरी स्थित माफिया बद्दो की आलीशान कोठी को जमींदोज कर दिया था।(हि.स.)



