Crime

हथियारबंद बदमाशों ने एक्सप्रेस-वे पर आधी रात की लूट

रायपुर,छत्तीसगढ़ । राजधानी रायपुर में आए दिन बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे है, यहां बदमाश बेखौफ घूम रहे हैं। ताजा मामला राजधानी के एक्सप्रेस-वे का है, जहां बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार की आधी रात कार सवार तीन लोगों से लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान बदमाशों ने फरसा से हमलाकर कार सवार लोगों को घायल भी कर दिया। हथियारबंद लुटेरे मोबाइल और नगदी से भरा पर्स लेकर फरार हो गए।

दरअसल, यह मामला तेलीबांधा थाना इलाके का है। जानकारी के अनुसार कार से एयरटेल के कर्मचारी प्रांशु गुप्ता, गौरव शर्मा और शुभम शर्मा सोमवार की रात रायपुर आते समय पुरैना एक्सप्रेस-वे के पास शौच के लिए रुके, तभी वहां बाइक सवार बदमाश पहुंच गए और पैसों की मांग करने लगे।

कार सवार लोगों ने जब पैसे देने से मना किया तो बदमाशों ने प्रांशु गुप्ता के हाथ, गौरव शर्मा के सिर पर फरसानुमा हथियार से वारकर उन्‍हें घायल कर दिया। ऐसे में तीनों कर्मचारी कार छोड़कर वहां से भागे और अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने कार की तलाशी ली तो उसमें रखे नगदी से भरा पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

पीड़ितों ने तेलीबांधा थाना में इस घटना की जानकारी दी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पीड़ितों के अनुसार बदमाश हमलाकर तीन महंगे मोबाइल समेत पांच हजार से ज्यादा की रकम से भरा पर्स लूटकर हुए फरार हो गए।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button