International

…और हवाई पट्टी पर दो टुकड़ों में बंट गया विमान, बंद करना पड़ा हवाई अड्डा

सैन जोस । मध्य अमेरिकी देश कोस्टा रिका की राजधानी सैन जोस स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई पट्टी पर अचानक एक विमान दो टुकड़ों में बंट गया। विमान टूटने के बाद धुआं उठते देख आनन फानन अग्निशमन टीम को स्थिति नियंत्रण में करने के लिए सक्रिय करना पड़ा। बाद में हवाई अड्डा भी बंद कर दिया गया।

जर्मन मालवाहक कंपनी डीएचएल के बोइंग 757 विमान ने जुआन सैंटामारिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। अचानक कोई तकनीकी खामी आने पर कोस्टा रिका की राजधानी सैन जोस के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान को आपातकालीन स्थितियों में उतरने की अनुमति दी गयी। लैंडिंग करते समय विमान हवाई पट्टी से फिसलकर दो टुकड़ों में बंट गया। विमान के टूटते ही तेज धुआं उठा, जिससे पूरे हवाई अड्डे पर दहशत का वातावरण बन गया। तुरंत अग्निशमन दल को सक्रिय किया गया, जिसने स्थिति को नियंत्रण में किया।

अग्निशमन दल ने विमान से तेल का रिसाव रोकने के लिए फोम का इस्तेमाल किया। साथ ही ईंधन को ड्रेनेज सिस्टम से रोकने के प्रयास भी किए गए। कोस्टा रिका अग्निशमन दल के मुखिया हेक्टर चावेज ने बताया कि विमान में सवार चालक दल के दो सदस्यों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब वे दोनों खतरे से बाहर और सामान्य स्थिति में हैं। हादसे के चलते विमान चालक दहशत में आ गए थे। बाद में जब वे होश में आए, तब सब कुछ ठीक नजर आया। अचानक हुए इस हादसे के कारण हवाई अड्डे को बंद कर देना पड़ा।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button