
ई श्रम कार्ड बनाने के नाम पर शुल्क लेने से बाज नहीं आ रहे कथित सीएससी संचालक
प्रति ई श्रम कार्ड 50 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की जा रही वसूली
दुद्धी,सोनभद्र– इन दिनों ई श्रम कार्ड बनाने का काम जोर शोर से चल रहा है।ई श्रम कार्ड बनाने वाले कथित सीएससी संचालकों द्वारा गांव गांव जाकर निःशुल्क बनने वाले ई श्रम कार्ड बनाने के नाम पर 50 से 100 रुपये तक की वसूली की जा रही है।बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं। रविवार को कुछ सी एस सी संचालकों द्वारा दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के टेढ़ा गांव में सड़क किनारे खेत में सिस्टम लगाकर बकायदे 50 रुपये से 100 रूपये लेकर ई श्रम कार्ड बनाए गए।पैसे लेकर ई श्रम कार्ड बनाने का ग्रामीणों ने विरोध किया।
ग्रामीणों ने बताया कि दिघुल गांव निवासी 2 – 3 लोग अपने आपको सी एस सी संचालक बताते हुए गांव में आए और लोगों से 50 से 100 रुपये लेकर ई श्रम कार्ड बनाने का खेल शुरू कर दिया।यहां तक जिनके पास पैसे नहीं थे उनका बैंक पासबुक और आधार कार्ड यह कहते हुए रख लिया गया कि जब आप पैसे देंगे तो आपको बैंक पासबुक और आधार कार्ड दे दी जाएगी।इसके पूर्व बीडर गांव में भी 50 से 100 रुपये लेकर ई श्रम कार्ड बनाने का ग्रामीणों ने विरोध किया था। शासन के द्वारा निःशुल्क ई श्रम कार्ड बनाने के आदेश के बाद भी कुछ कथित सीएससी संचालक शुल्क लेने से बाज नहीं आ रहे हैं जिससे सरकार की छवि धूमिल हो रही हैं। इस सम्बंध में डी एल सी पिपरी सरजू राम से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह कार्य सीएससी के ज़रिए निःशुल्क की जा रही है।यदि कोई सीएससी संचालक पैसे ले रहे हैं तो इसकी शिकायत जिला सीएससी हेड से करें।जब जिला हेड सीएससी से सेलफोन नम्बर पर सम्पर्क किया गया तो फोन नही लगने के कारण उनका पक्ष नही लिया जा सका।



