National

स्वास्थ्य कर्मियों के बाद अब इनको लगेगी कोरोना वैक्सीन

टीकाकरण की तैयारी पूरी करने केंद्र का राज्यों को निर्देश

नई दिल्ली । स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा अग्रिम पंक्ति के कार्मिकों के बाद अब 50 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना टीका लगाने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा है कि वह सभी प्रकार के स्वास्थ्य केंद्रों में व्यापक पैमाने पर टीकाकरण की तैयारियों के इंतजाम करें क्योंकि मार्च में 50 साल से अधिक उम्र के और बीमार लोगों को भी टीकाकरण करने की शुरुआत की जानी है।

पत्र में स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों से कहा है कि वे एक मार्च से सभी स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की तैयारी आरंभ करें। इनमें अस्पताल, मेडिकल कालेज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लेकर उप केद्रों तक में इंतजाम करने को कहा गया है। टीकाकरण के लिए इन केंद्रों में आवश्यक कोल्डचेन तैयार करने को कहा गया है। मुख्य सचिवों को कहा गया है कि वह भी सुनिश्चित करें कि सप्ताह में कम से कम चार दिन कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जाए और एक मार्च से यह विस्तारित स्वरूप में हो। मुख्य सचिवों को कहा गया है कि वह स्वास्थ्य अधिकारियों को इस बाबत निर्देश जारी करें।

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू हुआ था और 18 फरवरी को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गया है। उन्होंने कहा कि हालांकि काफी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता अभी टीका लगाने नहीं आए हैं। इसलिए यह भी सुनिश्चित करें कि ऐसे सभी लोगों को टीका लगाया जाए। उन्होंने कहा कि 50 साल से अधिक उम्र को पंजीकृत करने के लिए कोविन में भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि मार्च में तीसरी श्रेणी जिसमें 50 साल से अधिक उम्र के लोग हैं, उनका टीकाकरण किया जाएगा। 50 साल से अधिक उम्र के लोगों एवं बीमार व्यक्तियों की संख्या करीब 27 करोड़ के करीब होने का अनुमान है।

बहरहाल, इस पत्र में स्वास्थ्य सचिव ने एक मार्च से टीकाकरण की व्याप्त तैयारियां करने की बात तो राज्यों से कहीं है लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया है कि 50 पार के लोगों का टीकाकरण कब से शुरू होगा। माना जा रहा है कि राज्यों की तैयारियों के आधार पर फरवरी के आखिर में इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button