
जांच कमेटी गठित, जांच रिपोर्ट पर दोषियों के विरुद्ध होगी कार्रवाई- डीआरएम
पटरी से डिरेल हुई मालगाड़ी के घटनास्थल पर पहुंचे डीआरएम, किया मुआयना
दुद्धी,सोनभद्र : दुद्धी रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर के पास बुधवार को तड़के मालगाड़ी के डिरेल होने की सूचना पर पहुंचे डीआरएम धनबाद मंडल आशीष बंसल ने घटनास्थल का मुआयना किया और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। डीआरएम स्पेशल ट्रेन (सैलून) करीब पौने चार बजे दुद्धी रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां से करीब सौ मीटर दूर घटनास्थल के लिए डीआरएम का काफिला रेलवे ट्रैक से होते हुए पैदल ही निकल पड़ा। इस दौरान रेलवे के विभिन्न अनुभागों से सम्बंधित तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे। डीआरएम श्री बंसल ने दुर्घटना स्थल का बारिकी से मुआयना किया।
खासकर एक ट्रैक से दूसरी ट्रैक में रुट चेंज करने वाले सिस्टम को देखा, जहां से मालगाड़ी का संतुलन बिगड़ा था और डिरेल हो गयी थी। घटनास्थल पर उन्होंने लोको, सिग्नल, आपरेटिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, सुरक्षा समेत अन्य अनुभाग से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ की और आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने मालगाड़ी डिरेल होने में क्षतिग्रस्त हुई स्विच रेल (ट्रैक चेंज करने वाली लाइन) को तत्काल चेंज करने का निर्देश दिया।
दुर्घटना के बाबत पत्रकारों के सवाल पर डीआरएम श्री बंसल ने कहा कि करीब 13.30 बजे तक डिरेल इंजन व बोगी को हटाकर, रुट बहाल कर दी गयी थी। दुर्घटना की जांच के लिए जांच कमेटी गठित कर दी गयी है। जांच पूरी होने में दो से तीन दिन का समय लगेगा। जांच रिपोर्ट में इसके लिए जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।
इस दौरान एडीआरएम एम के सिंह, कमांडेंट एमएस खान, सीनियर डीएसओ मनीष सौरभ , सहायक यातयात प्रबंधक चोपन, सहायक अभियंता रेनुकूट राजेश कुमार , सहायक सिग्नल चोपन एसके श्रीवास्तव , ए के सिन्हा स्टेशन अधीक्षक दुद्धी, एसएम अरुण पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



