State

आचार्य अनिरुधाचार्य महाराज को मिला आश्रम को बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली। आचार्य अनिरुधाचार्य महाराज के मथुरा स्थित आश्रम को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिला है। साथ ही पत्र में उन्हें और उनके परिवारजनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई है। इस समय अनिरुधाचार्य महाराज परदेशीपुरा में आयोजित सात दिनी भागवत कथा के लिए शहर आए हैं।

पत्र में लिखा है कि हम वृंदावन के तुम्हारे आश्रम को बम से उड़ाने आए थे और तुम्हें बर्बाद कर देंगे। साथ ही उन्होंने एक करोड़ रुपये की मांग की है। पत्र लिखने वाले की जगह भारत का एक आतंकी संगठन लिखा है। पत्र में यह भी लिखा है कि आचार्य अनिरुधाचार्य के परिवारवालों पर आतंकियों की सतत नजर है। जब इंदौर में वह कथा सुना रहे होंगे तो उन्हें परिवारजनों के बारे में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिल सकती है।

आचार्य अनिरुधाचार्य को जान से मारने की धमकी देते हुए पत्र में लिखा है कि तुम्हें मारना हमारे लिए कोई बड़ी बात नहीं है। तुम कब उठते हो, कितनी बजे सोते हो, कहां-कहां जाते हो इस सबके बारे में हमें जानकारी है। आगे आप समझदार हैं।अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कहा कि मथुरा के उनके आश्रम को बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र मिला है। जिस आश्रम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है वहां हजारों की संख्या में माताएं रहती हैं।

उन्होंने बताया कि पहले भी इस तरह की धमकी मिल चुकी है।साथ ही जान से मारने की धमकी भी मिल चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह इस पर उचित कार्रवाई करे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके जीवन पर भी कोई संकट है, तो उन्होंने कहा कि हो भी सकता है। सरकार इस पर जो भी कार्रवाई कर सकती है करे।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button