Breaking News

आम आदमी पार्टी गाजीपुर में विश्वविद्यालय हर कीमत पर खुलवाएगी

  • कमलनयन मधुकर

गाजीपुर। पूर्वांचल में गाजीपुर जिला ऐसा है जो क्षेत्रफल के मामले में कई जिलों से बड़ा है। लेकिन यहां शिक्षा का स्तर सबसे नीचे है। कहने के लिए इस जिले में 7 तहसीलें, 16 ब्लॉक, 18 म्युनिसिपैलिटीऔर 27 थाने हैं। लेकिन उच्च शिक्षा के लिए यहां कोई विश्वविद्यालय नही बना है।

गाजीपुर जिले में शिक्षा का स्तर बहुत नीचे है। यहां के युवकों को उच्च शिक्षा के लिए वाराणसी सहित अन्य जिलों में जाना पड़ता है। राजनीतिक दलों में इस पर चर्चाएं तो खूब हुई लेकिन मंजिल तक किसी ने पहुंचाने की पहल नहीं की। गाजीपुर जिले में तीन प्रमुख महाविद्यालय पीजी कॉलेज गाज़ीपुर, स्वामी सहजानंद महाविद्यालय तथा राजकीय कन्या पीजी कॉलेज हैं। लेकिन यहां उन विषयों की पढ़ाई नहीं होती जो छात्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा पाने में सहायक हो सके। यही नहीं इतने बड़े क्षेत्रफल वाले जिले में यह कॉलेज यहां के लोगों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध करा पाने में अक्षम साबित हो रहे हैं।

गाजीपुर में विश्वविद्यालय बनाने के लिए यदि भूमि उपलब्धता की बात की जाए तो पीजी कॉलेज गाजीपुर के पास काफी बड़ी भूमि खाली पड़ी है। इसके अलावा नंदगंज औद्योगिक आस्थान में काफी जगह है। हलांकि यहां इंडस्ट्रियल स्टेट नहीं बन सका जिससे सैकड़ों एकड़ भूमि खाली पड़ी है। इस भूमि पर विश्वविद्यालय बन सकता है। जिले में स्थित कॉलेजों की बात की जाए तो इनके भवन जर्जर हो गए हैं।कालेज भवनों में प्लास्टर तक नहीं है। जो प्राइवेट कॉलेज हैं वह यूजीसी के मानकों को पूरा नहीं करते।वे छात्रों एवं अभिभावकों का शोषण कर रहे हैं। तमाम शिक्षा माफिया और नवधनाढ्य इस दुर्दशा के लिए जिम्मेदार हैं। जिनके कॉलेजों को पिछली सरकारों ने आंख बंद कर मान्यता तो दे दिया परंतु न तो शासन स्तर पर और ना ही यूजीसी द्वारा उनकी मॉनिटरिंग की गई।

गाजीपुर में विश्वविद्यालय की मांग को लेकर पिछले कई वर्षों से पीजी कॉलेज एवं सहजानंद महाविद्यालय के छात्रों द्वारा आंदोलन किया जा रहा है। छात्रों द्वारा गाजीपुर में जब भी विश्वविद्यालय खोलने की मांग को लेकर आंदोलन किया जाता है तो राजनीतिक दलों द्वारा उन्हें आश्वासन की घुट्टी पिलाकर आंदोलन को समाप्त करा दिया जाता है। गाजीपुर जिले की आबादी 36 लाख 20 हजार 268 है। प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में युवक इंटर की परीक्षा पास करते हैं। यह युवक उच्च शिक्षा पाना चाहते हैं परंतु यहां सीमित शिक्षा व्यवस्था होने से उन्हें दूसरे जिलों का मुंह देखना पड़ता है। आम आदमी पार्टी ने यहां के लोगों की विश्वविद्यालय बनवाने की मांग को पूरा कराने का बीड़ा उठाया है।

आम आदमी पार्टी के सदर विधानसभा के प्रत्याशी बिहारी लाल सिंह पिछले काफी समय से यहां विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रयास कर रहे हैं। बिहारी लाल सिंह का कहना है कि आम आदमी पार्टी यहां के लोगों की मांगों के अनुरूप हर कीमत पर विश्वविद्यालय की स्थापना कराएगी। जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना हो जाने से न केवल नए- नए विषयों की पढ़ाई होगी बल्कि रोजगार परक विषयों में उन्हें शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी प्राप्त होगा। इससे यहां के नौजवानों का रोजगार के लिए दूसरे प्रांतों में पलायन भी रुकेगा। साथ ही जिले की मेधावी प्रतिभाओं को यहां रोजगार मिलने से जिले के विकास के रास्ते भी खुलेंगे।

Related Articles

Back to top button