पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से 15 हजार का ईनामी बदमाश घायल, दूसरा फरार
रजखड़ घाटी में हुए मुठभेड़ में बदमाश से कट्टा, कारतूस,मोबाईल व चोरी की बाइक बरामद
दुद्धी : कोतवाली पुलिस,एसओजी एवं विंढमगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान रविवार को तड़के हुई मुठभेड़ में बाइक से भाग रहा पन्द्रह हजार का एक ईनामिया बदमाश गोली लगने से घायल हो गया| जबकि दूसरा बदमाश घने जंगल के रास्ते भागने में सफल रहा।
घटना के बाबत पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष मिश्रा ने बताया कि रविवार को तड़के झारखंड के शातिर बदमाशों के जनपद में दाखिल होने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह,एसओजी प्रभारी संजीव सिंह,विंढमगंज थानाध्यक्ष श्याम बिहारी रजखड़ कोतवाली गेट के समीप हाइवे पर वाहनों पर नजर रख,जांच-पड़ताल में जुटे थे| इस बीच हाथीनाला की ओर से एक बगैर नंबर प्लेट की बाइक पर दो युवक आते दिखे|
पुलिस को अचानक सामने देख युवको ने तेजी से बाइक मोड़कर भागने लगे| पुलिस आशंका वश उनका पीछा किये,तो वे रजखड़ घाटी के पुराने मार्ग से जंगल की ओर भागते हुए,एक ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया| इस पर पुलिस ने जबावी फायरिंग की,जिसमें बाइक पर बैठे एक युवक के पैर में गोली लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा| इस बीच मौका देख दूसरा युवक पहाड़ी से कूदकर जंगल के रास्ते फरार हो गया|
पुलिस टीम ने घायल अवस्था में पड़े युवक से पूछताछ शुरू की,तो वह विंढमगंज थाने में दर्ज पशु तश्करी के मामले में वांछित था और उसपर 15 हजार रुपये का ईनाम घोषित है। घायल आरोपित मिल्लत अंसारी पुत्र इंदु अंसारी निवासी ग्राम मानपुर,थाना रंका जिला गढ़वा के खिलाफ उत्तर प्रदेश के वाराणासी जिले के थाना रामनगर एवं जनपद के विंढमगंज थाने के अलावा झारखंड के कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज है| आरोपित के संग फरार होने वाले आरोपित अयूब अंसारी पुत्र खलील निवासी खपरो थाना रंका के खिलाफ भी कई अपराधिक मुकदमे दुद्धी, विंढमगंज,औराई के अलावा झारखंड के रंका थाने में दर्ज है|
एक प्रश्न के जवाब में सीओ ने कहा कि बदमाशों के फायरिंग में पुलिस का कोई जवान चोटिल नही हुआ है। घटनास्थल से गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से एक देशी कट्टा,कारतूस,मोबाईल और भागने में प्रयुक्त चोरी की बाईक बरामद हुई है। बदमाश पर घोषित ईनाम के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान बदमाश को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को घोषित ईनाम की राशि पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रदान की जायेगी।



