फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को देर रात पत्नी को बाइक से दवा दिलाने जा रहे दम्पति की गंगा के जलस्तर बढ़ने से आई बाढ़ के पानी में डूब गए। बुधवार को गोताखोरों ने पत्नी के शव को बरामद कर लिया है जबकि गोताखोर लापता पति की तलाश नदी में कर रहे हैं।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुल्तानगंज खरेटा के मजरा केहरी नगला के रहने वाले सारदेव (27) पुत्र रक्षपाल पत्नी लक्ष्मी (23) के साथ शादी हुई थी। दोनों के 15 दिन पूर्व एक बच्ची का जन्म हुआ था। बीती देर रात तकरीबन 2:00 बजे पत्नी लक्ष्मी को पेट दर्द की शिकायत पर पति दवा दिलाने के लिए घर से गांव के रामलड़ैते पुत्र सम सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर निकला।
गांव के मुख्य मार्ग पर रात के अंधेरे में गड्ढों से बचने के लिए बाइक चला रहे रामलड़ैते ने एक पुलिया के किनारे से बाइक निकाली तभी तेज पानी के बहाव में उसकी बाइक फिसल गई। बाइक फिसलने से दम्पति समेत तीनों गहरे पानी में डूब गए। लेकिन रामलड़ैते तैरना जानता था तो वह जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया। मदद के लिए उसने आवाज लगाई।
घटना के रात के 3:00 बजे होने के चलते अंधेरे में कुछ भी साफ-साफ दिखाई नहीं दे रहा था। जब तक आसपास के लोगों ने रामलड़ैते की आवाज सुनी तब तक दम्पति डूब चुके थे और उनका कोई अता-पता नहीं था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके कुछ समय बाद पीआरवी 112 पुलिस पहुंची। गांव के ही तैराक लोगों ने पानी में कूदकर पति, पत्नी को तलाश शुरू की।
इस बीच महिला लक्ष्मी की साड़ी पानी में ऊपर उतरा देख उसे निकाल लिया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हाे चुकी थी। वहीं बुधवार सुबह पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर लापता पति की तलाश में लगाया। खबर लिखे जाने तक लापता युवक सारदेव का कोई पता नहीं चल सका था।
घटना को लेकर गांव वालों का कहना है कि एक साल पहले इनका विवाह हुआ था। 15 दिन पहले लक्ष्मी ने बच्ची को जन्म दिया था। जिसका कल (मंगलवार) को नामकरण संस्कार था। इस घटना से आसपास के लोगों में टूटी पुलिया को लेकर दहशत व्याप्त है। परिजनों, रिश्तेदारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पानी में लापता युवक की तलाश जारी है। (हि.स.)



