
बलिया । बलिया नगर की जन समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र भी सौंपा गया।प्रदर्शन के पूर्व नगर क्षेत्र के सभी इलाकों से टोलियों के रूप में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हाथ में झंडा लिए पार्टी के जिला कार्यालय पर एकत्रित हुए। वहां से नारा लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि बलिया नगर की नालियां बजबजा रही हैं। कोई उसका सुध लेने वाला नहीं है। जबकि इस वर्ष बारिश कम हुई है फिर भी हल्की बारिश में ही नगर के कई मुहल्ले जलमग्न हो जा रहे हैं।
बलिया को मुंबई बनाने का जुमला फेंकने वाले और जुहू चौपाटी का सपना दिखाने वाले लोग वातानुकूलित कमरों में बैठकर गलत बयानी कर रहे हैं। उन्हे ना बलिया शहर और ना ही यहां के लोगों की चिंता है। उन्हे सिर्फ झूठ और जुमला परोस कर जनता को ठगना है। लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा होने नही देगी। उनके झूठ और जुमले को जनता में उजागर करेगी।
कहा समाजवादी पार्टी की सरकार में लोहिया बाजार बना था जो आज तक दुकानदारों में आवंटित नहीं हुआ। समाजवादी पार्टी के सरकार में ही सीवरेज योजना शुरू हुई थी लेकिन आज तक वह कार्य पूर्ण नहीं हुआ। नगर क्षेत्र में अंडर ग्राउंड बिजली के तारों को बिछाने का कार्य समाजवादी पार्टी की सरकार में शुरू किया गया था। जिसे वर्तमान शासन सत्ता अधर में लटकाये हुए है। मांग किया कि जनहित की इन योजनाओं को तत्काल शुरू किया जाए अन्यथा समाजवादी पार्टी सड़क पर उतर कर इस जनहित विरोधी सरकार का विरोध जोरदार तरीके से करेगी। उन्होंने कहा कि बलिया नगर क्षेत्र के विस्तार की पत्रावली कई वर्षों से शासन में पड़ी हुई है लेकिन वर्तमान सरकार उसको दबा कर के बलिया के विकास को बाधित करना चाहती है।
नगर पालिका परिषद बलिया के पूर्व अध्यक्ष और धरना के आयोजक संजय उपाध्याय ने कहा कि नगर के विकास एवं नगर के स्वच्छता हेतु सत्तासीन लोगों के पास कोई रोडमैप नहीं है। यहां तक कि पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को भी यह लोग ध्वस्त कर दिए हैं। जिससे बलिया शहर की व्यवस्था चरमरा गई है। आए दिन शहर में जाम लगना, नालियों का पानी जाम होना, बीच सड़क पर कूड़ा का अंबार लगना इनकी कार्यपद्धति और जनता के प्रति दिलचस्पी का जीता जागता उदाहरण है। पूर्व मंत्री व्यास जी गोड़ ने कहा कि समाजवादी ही बलिया के विकास की बात करते हैं। बाकी लोग तो बलिया से मजाक करते हैं। इस अवसर पर डा विश्राम यादव, यशपाल सिंह, मंटू दुबे कृष्ण यादव आदि थे। अध्यक्षता सपा के नगर विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव व संचालन जमाल आलम ने किया।(हि. स.)



