Breaking News

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रंग में रंगे ऐतिहासिक स्मारक

आगरा। देश में आजादी का अमृत महोत्सव पूरे उत्साह से मनाया जा रहा है। देश की शान तिरंगा घर-घर लहरा रहा है। तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जुनून हर वर्ग में दिख रहा है। जश्न के इस रंग में ऐतिहासिक स्मारक भी रंगे नजर आ रहे हैं। अमृत महोत्सव के तहत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने आगरा के कई स्मारकों पर तिरंगा लाइटिंग की है। आगरा के सिकंदरा, फतेहपुर सीकरी, आगरा किला, एत्मादउद्दौला, यमुनापार के चीनी का रोजा और बल्केश्वर स्थित जसवंत सिंह की छतरी स्मारकों को तिरंगा रोशनी से रोशन किया गया है। इन स्मारकों के सामने से निकलने वाले लोग ठहर कर इनके साथ सेल्फी लेते हुए दिखाई दे रहे है। वहीं, यमुना नदी में पानी भरपूर होने से स्मारक पर पड़ रही लाइट का अक्श नदी में देखकर भी लोग रोमांचित हो रहे है।

50 फीट ऊंचे झंडे

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण सर्वेक्षण के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने भी आजादी के अमृत महोत्सव को खास बनाने के लिए विशेष तैयारी की है। आगरा में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा 5 स्थानों पर 50 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया जा रहा है। आगरा किला के अमर सिंह गेट से सटे बगीचे में और फतेहपुर सीकरी पर 50 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया जा चुका है। जबकि अन्य चार स्मारकों पर तिरंगा लगाने की तैयारियां तेजी से चल रही है।

आगरा किला और फतेहपुर सीकरी के अलावा सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे पर रामबाग परिसर और ताजमहल के पास में स्थित सीआईएसएफ बैरक होना में 50 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया जाएगा। यह काम 30 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में 50 फुट ऊंचे झंडे का विधिवत उद्घाटन 15 अगस्त को किया जाएगा। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के साथ मिलकर यह तिरंगा लगाया है।

खिलाड़ी और साहित्यकार भी जुटे

इसके साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें आजादी के परवाने (स्वतंत्रता सेनानी), पद्मश्री एवं अन्य नेशनल पुरस्कारों से सम्मानित खिलाड़ी और साहित्यकार शामिल हो रहे है। सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे पर आयोजित स्वच्छता अभियान में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान जगबीर सिंह और ताजमहल में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट महिला टीम की सदस्य अर्जुन अवार्डी पूनम यादव भी शामिल हुईं और श्रमदान कर लोगों को जागरूक किया।

गौरव का क्षण

आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल हुए जगबीर सिंह ने कहा कि हर वो व्यक्ति जो किसी भी छोटे से छोटे तरीके से देश की प्रगति में अपना सहयोग दे सकता हो, चाहे वो साफ सफाई से हो, चाहे सहयोग से या फिर नियमों का पालन करने से हो। उन्हें गर्व के साथ ऐसी प्रगति से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हर व्यक्ति इस बात का अहसास कर लेगा कि ये देश मेरे हर छोटे कार्य से बड़ा बनेगा, तो मुझे पूरा विश्वास है कि इस देश की प्रगति को कोई नही रोक सकता।

हम दूसरों से उम्मीद करते है पर हम स्वयं क्या कर सकते है देश के लिए, हमें इसमें जरूर सोचना चाहिए और जो बन सके करना चाहिए। क्योंकि तिरंगे से बड़ा मान कोई नही है हमारे लिए। एक खिलाड़ी के तौर पर मैने महसूस किया है कि जब किसी अन्य देश में हम अपना राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देखते है, तो हमारे शरीर में ऊर्जा भर जाती है। ये और भी खास तब हो जाता है जब हम कोई पदक जीतते हैं। पोडियम पर खड़े होकर जब ऊपर जाते तिरंगे को देखते हैं, तो गर्व से सिर्फ सीना ही चौड़ा नही होता, बल्कि आंखों में खुशी के आंसू होते है कि हां देश के लिए हम भी कुछ कर सके।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button