Breaking News

पूरे भारत को बलिया पर है गर्व : भूपेन्द्र यादव

बलिया । केंद्रीय श्रम एवं सेवायोजन तथा पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि देश की आजादी में बलिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसीलिए पूरे भारत को बलिया पर गर्व है।केंद्रीय मंत्री ने यहां गंगा बहुद्देश्यीय सभागार में स्वतंत्रता सप्ताह और हर घर तिरंगा समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहा गांधी जी के आह्वान पर 1943 में चित्तू पांडेय के नेतृत्व में यहां अंग्रेजों को हटाकर स्वतंत्र शासन स्थापित किया गया था।

उन्होंने 1857 की क्रांति में मंगल पांडेय की भूमिका को याद करते हुए कहा कि यही वजह है कि इस मिट्टी से निकली चिंगारी के कारण 1947 में देश को आजादी मिली। बलिया की मिट्टी में पैदा हुए लोकनायक जयप्रकाश नारायण की चर्चा करते हुए भूपेन्द्र यादव ने कहा कि 1975 में आपात काल के खिलाफ लड़ाई के लिए जो नैतिक बल मिला उसमे जेपी की अग्रणी भूमिका रही थी।

पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बारे में कहा कि ग्रामीण भारत के निर्माण का उनका सपना था। जिसे वर्तमान सरकार साकार करने में जुटी है। युवाओं का आह्वान किया कि जिस प्रकार से बलिया के महापुरुषों के कारण देश को आजादी की प्रेरणा मिली थी, उसी प्रकार आप भी अच्छे से कार्य करें। भूपेन्द्र यादव ने बच्चों से वंदेमातरम की लाइनें पढ़वाई। केंद्रीय मंत्री श्री यादव घर घर तिरंगा यात्रा अभियान में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कलक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया।

इसके पहले उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री दानिश आजाद, डीएम सौम्या अग्रवाल और एसपी राजकरण नय्यर के साथ बैठक कर जिले के बारे में चर्चा की। इस अवसर पर सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, सांसद रविंदर कुशवाहा, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, पूर्व विधायक संजय यादव, अरुण सिंह बंटू, संजय मिश्र आदि थे।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button