
लखनऊ। ओलंपिक के ‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथिलेटिक चैंपियनशिप की भाला फेंक प्रतिस्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर कहा, “आज वर्ल्ड एथिलेटिक चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा जी ने जेवलिन थ्रो प्रतिस्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। भारत का मानवर्धन करती इस अविस्मरणीय उपलब्धि हेतु आपको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें आप पर गर्व है। जय हिंद!”
अमेरिका के यूजीन में चल रही चैम्पियनशिप की भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने 88.13 मीटर थ्रो कर रजत पदक जीता है। वर्ष 2003 पेरिस में आयोजित इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की तरफ से सबसे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज ने पदक जीता था। अंजू को लंबी कूद में कांस्य मिला था।



