
डिप्टी सीएमओ ने नर्सिंग होम पर मारा छापा, झोलाछाप चिकित्सक अस्पताल छोड़कर फरार
अवैध नर्सिंग होम पर लगाई सील, नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद । थाना डिलारी क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे सिटी नर्सिंग होम में बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की। जिससे सिटी नर्सिंग होम में हड़कंप मच गया और वहां इलाज कर रहे झोलाछाप अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। डिप्टी सीएमओ ने इस अवैध नर्सिंग होम को सील कर दिया और अवैध रूप से नर्सिंग होम चलाने के आरोप में नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
स्वास्थ्य विभाग को पिछले दिनों एक शिकायत मिली थी कि थाना डिलारी क्षेत्र में अवैध रूप से एक नर्सिंग होम संचालित हो रहा है, जिसमें मात्र पांच से दस हजार रुपए में झोलाछाप सिजेरियन आपरेशन कर रहे थे। बेखौफ अंदाज में गर्भपात भी कराए जा रहे थे। चिकित्सकों के झोलाछाप होने की वजह से मरीज की हालत बिगड़ जाती है। इस पर सीएमओ डॉ एमसी गर्ग के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ संजीव कुमार वेलवाल ने पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। इस दौरान अवैध नर्सिंगहोम में हड़कंप मच गया। इलाज कर रहे झोलाछाप अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। अवैध नर्सिंगहोम सील करने के साथ ही डिप्टी सीएमओ की तरफ से अवैध नर्सिंगहोम संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
डिलारी थाना क्षेत्र के चांदखेड़ी निवासी रियाजुल ने अपनी पत्नी रेशमा को सिटी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। डाक्टर ने आपरेशन की सलाह दी। 17 जुलाई को उसका सिजेरियन आपरेशन किया गया। इस दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। तुरंत उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रियाजुल ने मामले की शिकायत सीएमओ से की थी। सीएमओ के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ संजीव कुमार वेलवाल ने डिलारी पुलिस के साथ नर्सिंगहोम पर छापा मारा। इस दौरान शकील अहमद पुत्र शरीफ अहमद निवासी गजरौला जिला अमरोहा फर्जी तरीके से नर्सिंग होम चलाते मिले। कागजात मांगने पर वह कोई भी प्रपत्र दिखा नहीं सके।
इसके बाद अवैध नर्सिंगहोम को सील कर दिया गया। वहीं डिप्टी सीएमओ की तहरीर पर डिलारी थाने में शकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एएसपी ठाकुरद्वारा सागर जैन ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया गया हैं।(हि.स.)



