
बिकरू कांड: शहीद दरोगा की पत्नी को दो वर्ष बाद मिली नौकरी
पुलिस मुख्यालय में बतौर ओएसडी पद पर हुई नियुक्ति
कानपुर । चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दो वर्ष पूर्व शहीद हुए उपनिरीक्षक अनूप सिंह की पत्नी को पुलिस विभाग में नौकरी मिल गई। उन्हे पुलिस मुख्यालय लखनऊ में सोमवार को ओएसडी के पद पर नियुक्ति दी गई है।
गौरतलब है कि दो जुलाई 2020 की अर्धरात्रि को चौबेपुर थाना के बिकरु गांव में दबिश देने गई पुलिस टीम पर गुर्गों संग हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे ने ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी थी। घटना में सीओ देवेन्द्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। इनमें तत्कालीन मंधना चौकी इंचार्ज अनूप सिंह भी रहे। स्वर्गीय उपनिरीक्षक अनूप सिंह की पत्नी नीतू मृतक आश्रित कोटे से सरकारी नौकरी के लिए प्रयासरत रही।
शासन ने दो वर्ष बाद नीतू को आखिरकार पुलिस मुख्यालय लखनऊ में बतौर ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) पद पर नियुक्ति कर दी है।इससे पहले शहीद सीओ देवेन्द्र मिश्रा की बेटी वैष्णवी मिश्रा को भी कानपुर कमिश्नरेट में ओएसडी की नौकरी मिल चुकी है।(हि.स.)



