
गंगा समग्र माँ गंगा और सहायक नदियों की अविरलता और निर्मलता के संकल्प को अवश्य पूरा करेगा-रामाशीष
वाराणसी । बाबा श्री काशी विश्वनाथ की कृपा से ‘गंगा समग्र’ माँ गंगा और सहायक नदियों की अविरलता और निर्मलता के संकल्प को अवश्य पूरा करेगा।बाबा श्री काशी विश्वनाथ के साथ ही स्थानीय अस्सी घाट पर माँ गंगा का विधिवत पूजन अर्चन आरती और दूग्धाभिषेक के बाद उक्त बातें गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष जी ने व्यक्त किए। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति एवं इतिहास की साक्षी माँ गंगा और अन्य नदियों के साथ ही तालाबों सहित सभी जल तीर्थों की अविरलता और निर्मलता के लिए समर्पित संगठन गंगा समग्र सामाजिक जागरण और समाज की सहायता से इस महान कल्याणकारी उद्देश्य को पूर्ण करने में जुटा हुआ है। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि काशी विश्वनाथ परिसर बाबा विश्वनाथ का पवित्र स्थल रहा है और रहेगा। कुछ आतताइयों और अतिक्रमणकारियों द्वारा परिसर को अतिक्रमित कर जो कार्य किया गया है, वह स्वीकार नहीं किया जा सकता।

गंगातीरी देशी गाय के दूध से बाबा का दुग्धाभिषेक करने के उपरांत काशी विश्वनाथ न्यास परिषद के अध्यक्ष डॉ नागेन्द्र पांडेय ने बाबा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि अंततः कोई कुछ भी करें। कोई कुछ भी सोचे। होगा वही जो बाबा चाहेंगे। उनकी इच्छा थी जो यह स्थल इतना जागृत हुआ, और जो हो रहा है वह उन्हीं की इच्छा से हो रहा है, आगे भी जो होगा वह उन्हीं की इच्छा से होगा।इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए काशी जनपद गंगा समग्र के जिला संयोजक दिवाकर द्विवेदी ने मां गंगा और उनकी सहायक नदियों के तटवर्ती क्षेत्रों में वृक्षारोपण, जैविक खेती, आरती के संदर्भ में किए जाने वाले कार्यो की जानकारी दिया।कार्यक्रम का आयोजन गंगा समग्र काशी जनपद द्वारा किया गया था। पूजन अर्चन और अभिषेक के कार्यक्रम को पंडित श्री नारायण चौबे और उनके उनके सहयोगियों द्वारा संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय संपर्क प्रमुख दीनदयाल जी,आयाम प्रमुख अमिताभ उपाध्याय, वनवासी कल्याण के स्वास्थ्य स्वास्थ्य प्रकल्प प्रमुख डॉक्टर विद्यासागर पांडेय, श्रीपत सिंह, रणदीप सिंह, शशि प्रकाश मिश्रा, अशोक पांडे प्रांतीय आयाम प्रमुख कपीश्वर तिवारी, किसान संघ के प्रांतीय अध्यक्ष इंद्रासन जी, दक्षिण भाग के संयोजक अमित जायसवाल, सहसंयोजक श्रवण कुमार मिश्र, काशी जिले के सह संयोजक चंद्र प्रकाश दुबे, धर्मेंद्र पाण्डेय, अवनीश पाठक, आयाम प्रमुख सर्वश्री विनोद पाठक, श्रीराम द्विवेदी, अनिल द्विवेदी, विकास चौबे, भानु भूषण पांडे, अंबरीश उपाध्याय, खंड संयोजक सुभाष मणि त्रिपाठी, महेंद्र यादव, मनोज पांडे, श्याम धर मिश्रा, विनीत शुक्ला, अवधेश द्विवेदी आदि लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



