Breaking News

लोकतंत्र के चारों स्तम्भों में सर्वसमाज की भागीदारी डा. सोनेलाल का था मिशन : अनुप्रिया पटेल

लखनऊ । अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने पार्टीजन का आह्वान किया कि डॉक्टर सोनेलाल पटेल के सपनों का भारत बनाने के लिए जी-जान से जुट जाएं। लोकतंत्र के चारों स्तम्भों में जब तक आबादी के अनुसार से सर्वसमाज की भागीदारी नहीं होगी, डॉक्टर साहब का मिशन अधूरा रहेगा।अनुप्रिया पटेल शनिवार को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी के संस्थापक डॉक्टर सोनेलाल पटेल की 73वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के संस्थापक डॉ.सोनेलाल पटेल की फोटो पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

अपना दल एस अध्यक्ष ने कहा कि डॉक्टर साहब के बताए सामाजिक न्याय के रास्ते पर चलते हुए पार्टी ने कम समय में अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। यह आप सब कार्यकर्ताओं की बदौलत ही संभव हो सका है। आप लोगों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है कि आज मंच पर दो सांसद, 12 विधायक, एक विधान परिषद सदस्य, एक जिला पंचायत अध्यक्ष व विभिन्न आयोगों के सदस्य मौजूद हैं। इस कारवां को आगे बढ़ाना है। इसके लिए और कड़ी मेहनत की जरूरत है। 2024 करीब है। इस वर्ष लोकसभा के लिए आम चुनाव होगा। पार्टी की ताकत लोकसभा में बढ़ाने के लिए अब 24 घंटे काम करने की जरूरत है।

कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देख उत्साहित केंद्रीय मंत्री श्रीमती पटेल ने कहा कि आपलोगों में तमाम लोग ऐसे हैं जो डॉक्टर साहब के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाले हैं। उनके मिशन को लेकर आज भी आगे बढ़ रहे हैं। कुछ लोगों की उम्र तो डॉक्टर साहब से भी ज्यादा है। लेकिन बिना थके और बिना रुके सामाजिक न्याय के संघर्ष में अपना योगदान दे रहे हैं।

पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि डॉक्टर साहब ने भगवान बुद्ध के शांति के मार्ग को चुना था। लेकिन दु:ख है कि उनके कुछ तथाकथित अनुयायी जयंती के दिन ही बवाल करने की साजिश कर रहे हैं। जयंती समारोह में डॉक्टर सोनेलाल पटेल की सबसे छोटी अविवाहित बेटी अमन पटेल भी मंच पर मौजूद थीं। उन्होंने भी डॉक्टर साहब की फोटो पर माल्यार्पण कर नमन किया तथा देश-प्रदेश से आए हुए सभी पार्टीजन का अभिवादन स्वीकार किया। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष प्रतापगढ़ सदर के पूर्व विधायक राजकुमार पाल ने तथा संचालन कार्यवाहक राष्ट्रीय सचिव केके पटेल ने किया।

समारोह को सांसद पकौड़ी लाल कोल, राष्ट्रीय महासचिव अवध नरेश वर्मा, पूर्व सांसद नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल, डॉ.जमुना प्रसाद सरोज, आरबी सिंह, कोषाध्यक्ष ओपी कटियार, विधायक दल के नेता रामनिवास वर्मा आदि ने भी संबोधित किया। पार्टी के स्थापना काल से ही सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शॉल और डॉक्टर साहब की फोटो भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके लिए हर जिले से 5-5 लोगों का चयन किया गया था।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button