प्रदेश के हर कोने से जुड़ेगा विंध्यवासिनी धाम, जल्द मिलेगी सौगात
जिनके पास कोई योग्यता नहीं ऐसी ताकतें युवाओं काे कर रही गुमराह.सेना भर्ती योजना अग्निपथ से युवाओं को मिलेगा देशसेवा करने का मौका.
मीरजापुर । परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मां विंध्यवासिनी के नाम पर जल्द ही लखनऊ से विंध्याचल के लिए एसी बस चलेगी। लखनऊ से विंध्याचल के लिए ट्रेन संचालन की व्यवस्था भी कम है। कोशिश होगी कि कोई श्रद्धालु अगर सुबह आए और शाम को वापस लौटना चाहे या फिर शाम को आए और सुबह लौटना चाहे तो ऐसी भी व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश के हर कोने से विंध्याचल धाम को जोड़ा जाएगा।
परिवहन मंत्री मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने विंध्याचल आए थे। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सेना भर्ती योजना अग्निपथ को लेकर युवाओं को गुमराह किया जा रहा है, वो ऐसी ताकतें है जिनके पास कोई योग्यता नहीं है। जबकि अग्निपथ योजना से नौकरी तो मिलेगी ही, ट्रेनिंग भी मिलेगी। इससे नौजवानों को देशसेवा करने का मौका मिलेगा। अग्निपथ की नौकरी से निकलने के बाद कोई खाली नहीं रहेगा। सबको रोजगार मिलेगा। यह एक अच्छी योजना है, युवकों को समझना चाहिए। मंत्री के साथ नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, श्याम सुंदर केशरी आदि थे।
हिंदुत्व के पुरोधा थे बाबा साहब, शिवसेना ने उनकी आत्मा के साथ किया खिलवाड़ भाजपा पर महाराष्ट्र में शिवसेना की सरकार गिराने के आरोप के सवाल पर बोले, शिवसेना ने बाबा साहब की आत्मा के साथ खिलवाड़ किया है। बाबा साहब हिंदुत्व के पुरोधा थे। शिवसेना ने जो लोग बाबा साहब के विचारों के विरोधी थे उन्हीं से जाकर गठबंधन किया। इसी का नतीजा आज सामने है। इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।(हि.स.)



