
गढ़वा । गढ़वा थाना क्षेत्र स्थित सुखबना गांव में बुधवार रात दो पक्षों के बीच हुए जमीन विवाद में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। घायल को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों में कृष्णा पासवान, संतोष चंद्रवंशी और विमल सिंह उर्फ मुन्ना सिंह का नाम शामिल है। मृतक और जख्मी एक ही पक्ष के लोग हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को मौके पर तैनात किया गया है।
बताया जाता है कि कुछ अपराधियों ने गांव की जमीन के फर्जी कागजात बनाकर ग्रामीणों को जमीन खाली करने की धमकी दी थी। गांव का एक युवक विमल सिंह उर्फ मुन्ना सिंह लगातार इनका विरोध कर रहा था। इसी क्रम में बुधवार रात अपराधी श्यामराज विश्वकर्मा, संतोष चन्द्रवंशी, कृष्ण पासवान और भीखू पासवान ने गांव के नहर के पास खड़े मोनहा सिंह को सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद मोनहा को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से उसे रांची रिम्स रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी।उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों को दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया लेकिन अपराधी गोली चलाने लगे। इसी क्रम में अपराधी संतोष चन्द्रवंशी और कृष्णा पासवान ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। दोनों को ग्रामीणों ने पत्थर से कूच कर मार डाला।(हि.स.)



