Breaking News

अमन चयन बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीजीपी

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक डीएस चौहान ने कहा है कि लखनऊ, प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद समेत कई शहरों में हो रहे प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं को लेकर पुलिस मुख्यालय लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर हालात बिगड़ गए थे, वहां स्थिति अब नियंत्रण में है। पूरे प्रदेश के हालात अब सामान्य हैं। अमन चयन बिगाड़ने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीजीपी ने कहा कि कानपुर की हिंसा के मद्देनजर आज शुक्रवार को होने वाले नमाज को लेकर जिलों में भारी फोर्स तैनात की गई थी। शांति व्यवस्था को बनाये रखने के लिए धर्मगुरुओं से भी बातचीत की गई थी। प्रदेश में अमन चैन कायम है। जनपद प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, हाथरस और कई शहरों में कुछ घटनाएं हुई हैं। प्रयागराज में हिंसक घटना हुई है, लेकिन वहां की स्थिति अब नियंत्रण में है। सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं। आरएएफ का एक जवान घायल हुआ है।

डीजीपी चौहान ने कहा कि बवाल में जिन बच्चों को आगे किया गया था उन्हें समझा-बुझाकर घर भेजा गया है। इन बच्चों की आड़ में जिन्होंने प्रदेश में अशांति फैलाने का प्रयास किया है उन्हें किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के हालात सामान्य हैं। जिन जिलों में घटनाएं हुई हैं, वहां पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती के साथ पुलिस मुख्यालय से मानिटरिंग की जा रही है।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button