Breaking News

भीषण गर्मी में पंखा, कूलर से भी नहीं राहत,लगातार दूसरे दिन सर्वाधिक गर्म रहा बांदा

शाम छह बजे तक वातावरण में ताप का असर.मानसून 20 जून के बाद दे सकता है दस्तक

जून माह का पहला सप्ताह विदा होने की ओर है। भीषण गर्मी और तल्ख धूप से इंसान के साथ पशु-पक्षियों को अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही। सुबह सात बजते-बजते ही धूप का तेवर तल्ख हो रहा है। दोपहर से अपरान्ह तक गर्म हवा घर से बाहर निकलने वालों को झुलसा रही है। अधिक गर्मी के चलते लोग सन स्ट्रोक के भी शिकार हो रहे हैं।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी मानसून आने में देर हैं। अगले 20 दिन तक फिलहाल मौसम के इस तल्ख तेवर से राहत नही मिलने वाला हैं।इस माह के तीसरे सप्ताह में प्री मानसून की बारिश देखने को मिल सकती है।

हाल यह है कि सूरज के किरणों की तल्खी शाम छह बजे तक लोगों को महसूस हो रही है। पूरा दिन और पूरी रात मकान तवे की तरह तप रहे हैं। ताप से पंखे और कूलर भी गर्म हवा दे रहे हैं। सूर्यदेव के रौद्र रूप से लोग बचने की हर संभव कोशिश कर रहें हैं लेकिन कामयाब नहीं हो रहे। सुबह छह बजे के बाद से ही हालत खराब हो जा रही है। सूरज के किरणों की तल्खी ने स्थिति को बदतर कर दिया है। बुधवार पूर्वान्ह 11 बजे तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है।

आमतौर पर प्री मानसून भी जून के पहले सप्ताह तक दस्तक दे देता था लेकिन इस बार तो इसके भी आसार नहीं दिख रहे। माना जा रहा है कि 10 जून के बाद से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है लेकिन इससे उत्तर भारत में गर्मी और बढ़ेगी। बताया जा रहा है कि मानसून इस समय बंगाल के उत्तरी भाग तक पहुंच गया है। जिस तरह की गति है, वह अभी तो सही चल रही है। 10 जून तक इसके कोलकाता पहुंचने और उसके बाद बिहार तक आने की संभावना है। बिहार आने के बाद से ही सोनभद्र के रास्ते मानसून के 20 जून तक बनारस आने के आसार हैं।

आसमान में धूल से कई जिलों में धूप से राहत

कई जिलों में आसमान में धूल के कारण धूप से थोड़ी राहत के बावजूद गर्मी बनी हुई है। बुधवार को पूर्वांह्न 11 बजे तक झांसी का तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं लखनऊ का तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में अधिकतम तापमान बांदा का सबसे अधिक 46.6 डिग्री सेल्सियस लगातार दूसरे दिन भी बना रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा बुधवार को दी गयी जानकारी के अनुसार बांदा का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री, प्रयागराज का 45.3 डिग्री, वाराणसी का 44 डिग्री, झांसी का 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं औराई का अधिकतम तापमान 45 डिग्री, गोरखपुर का 38.4 डिग्री, मेरठ का 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पिछले चौबिस घंटे में लखनऊ का तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सबसे कम 22.9 डिग्री सेल्सियस फतेहगढ़ का दर्ज किया गया। वहीं मेरठ का न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री, मुजफ्फरनगर का 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गोरखपुर का 27.8 डिग्री, वाराणसी का 29.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।(हि.स.)।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button