Breaking News

स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हुए सख्त

थानों और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याएं निस्तारित होना चाहिए:हर किसी के साथ न्याय होना चाहिए: योगी:जनता दर्शन में 800 से अधिक लोगों की मुख्यमंत्री योगी ने सुनी समस्याएं.

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कड़े शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का थानों और स्थानीय स्तर पर निस्तारण होना चाहिए, लोगों को उच्च स्तर पर आने की ज़रूरत नही पड़नी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने दौरे के दूसरे दिन सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम में यह निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने 800 से अधिक लोगों की समस्याओं को सुना और कार्रवाई का भरोसा दिलाया

उन्होंने नाराज़गी व्यक्त की कि अगर ऐसा हो रहा होता तो तो यहां इतनी भीड़ क्यों आती। योगी ने अधिकारियों को सख़्त निर्देश दिया कि हर किसी के साथ न्याय होना चाहिए।फरियादियों की भीड़ देख मुख्यमंत्री योगी ने सुबह 6.30 बजे से करीब 9 बजे तक हिंदू सेवाश्रम और यात्री निवास में एक- एक फरियादी से मिलकर उनकी फरियाद सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, इस दौरान मुख्यमंत्री से मिलने आए अन्य लोगों से मंदिर के लालकक्ष में न मिलकर मुख्यमंत्री ने सभी को जनता दर्शन में ही बुलाकर मुलाकात की।

मेरे बेटे से मुझे जान का खतरा

हरपुरबुदहट इलाके के समुदा निवासी सियाराम सिंह ने मुख्यमंत्री से मिलकर गुहार लगाई कि वे बीएसएफ के जवान हैं। उनका बेटा संदीप बुरी संगतों में पड़ गया है और उसने पत्नी का जेवर, लाइसेंसी बंदूक के कागजात और घर का अन्य सामान चोरी कर लिया। उनके बैंक खाते से भी रुपए निकाल लिया। उसकी शिकायत मुकामी पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सियाराम ने आशंका जताई है कि उनका बेटा संदीप उनकी हत्या कर उनकी सरकारी नौकरी पाना चाहता है। मुख्यमंत्री ने जवान की शिकायत सुनते ही वहां मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

ठाकुर दबंगों ने कब्जा कर ली जमीन

खजनी तहसील क्षेत्र के चौतरवां के रहने वाले रामबलि केवट ने सीएम योगी को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई कि उन्हें नवासे में मिला हुआ खेत और जमीन गांव के ही कुछ ठाकुर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। जब वे अपने खेत जोतने जाते हैं तो दबंग उनसे मारपीट कर भगा दे रहे हैं। कैंट इलाके के गिरधरगंज की रहने वाली सुमन ने सीएम से गुहार लगाई कि उनका पति राम आशीष वर्मा उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित करता है और जान से मारने की भी कोशिश की। जिसके खिलाफ उन्होंने केस दर्ज कराया था।

लेकिन थाने के विवेचक ने बिना किसी का बयान लिए और बिना किसी गवाह के उनके पति से मिलकर हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन धारओं को विवेचना के दौरान हटा दिया। पुलिस न तो आरोपी की गिरफ्तारी कर रही है और न ही अब तक कोर्ट में चार्जशीट ही दाखिल की है। पुलिस की शह पर उसका पति लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस पर योगी हुए नाराज और पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा बहुत से लोगों ने सीएम से इलाज के लिए भी मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी लोग इलाज का इस्टीमेट बनवा कर भेंजे, पैसों के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकेगा। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, डीआईजी जे रवीन्द्र गौड़, एसएसपी डा विपिन टाडा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

योगी ने की गो सेवा, गुल्लू को भी दुलारा

इससे पहले सीएम ने सुबह पूजन अर्चन के बाद मंदिर परिसर के भ्रमण और गो सेवा की। इसके बाद वह हिंदू सेवाश्रम गए, जहां सुबह से ही अपनी समस्या बताने के लिए लोग उनका इंतजार कर रहे थे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button