
यूपी विधानसभा सत्र शुरू होते ही विपक्ष ने किया हंगामा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधान सभा का सत्र शुरू होते ही विपक्ष के सदस्यों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। विधानसभा में जैसे ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अभिभाषण शुरू किया सपा के विधायकों ने हाथों में पोस्टर व तख्त्यिां लेकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के बीच राज्यपाल ने अभिभाषण किया। सपा के विधायक महंगाई व कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सदन में सरकार का विरोध किया। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र शुरू हो गया है।राज्यपाल ने कहा कि हमारी सरकार सूचना प्रौद्योगिकी को अपनाकर सुशासन लाने का काम कर रही है। विकास के काम तेजी से हो रहे हैं। 20 सिंचाई योजनाएं पूरी की गयी हैं। राज्यपाल ने कहा कि मेरी सरकार सरकार के कमजोर वर्गों के लिए अति संवेदनशील है। वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाई गयी है।
हम चाहते हैं सदन में गंभीर व प्रभावी बहस हो : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन की शुरूआत होने से पहले कहा कि हम चाहते हैं सदन में गंभीर व प्रभावी बहस हो। किसी भी प्रकार की चर्चा के लिए सरकार तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के कल्याण व विकास के लिए बजट आयेगा। बजट सत्र में 25 करोड़ लोगों के विकास की बात होगी और प्रदेश की जनता के हितों की बात होगी। योगी नईसरकार के गठन के बाद शुरू हो रहे पहले सत्र की सभी निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दी है।
विधानसभा में दिखा रंग-बिरंगा नजारा
उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को रंग-बिरंगा नजारा देखने को मिला। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के ही सदस्य अपनी-अपनी पार्टियों के ध्वज के रंग की टोपियां और अंग वस्त्र पहने नजर आए।उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा का पहला सत्र राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हुआ। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य लाल रंग की टोपी लगाए रहे, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा’ के विधायक भगवा रंग की टोपी में नजर आए।वहीं, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्य नीले रंग के अंग वस्त्र धारण किए दिखाई दिए, जबकि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक पीला गमछा और राष्ट्रीय लोक दल के सदस्य हरा गमछा पहने हुए थे।
इस बार विधानसभा की कार्यवाही को कागज रहित करते हुए डिजिटल बनाया गया है और हर सदस्य के लिए उसकी सीट निर्धारित की गई है। यही नहीं, हर सीट पर एक टैबलेट लगा हुआ है, जिसके माध्यम से विधायक सवाल-जवाब की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।हालांकि, कार्यवाही और सीट निर्धारण का यह डिजिटल स्वरूप हर किसी के लिए आसान नहीं रहा और कई सदस्य अपनी-अपनी सीट खोजते नजर आए। इसके अलावा कई सदस्य सीट पर लगे टैबलेट को शुरू करने में संघर्ष करते दिखे।सपा के कई विधायक टैबलेट पर अपनी पार्टी का पेज खोलते नजर आए।
आजम ने ली विधानसभा की सदस्यता की शपथ
समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं रामपुर सदर के विधायक मोहम्मद आजम खान ने साेमवार को अपने विधायक पुत्र अब्दुल्ला आजम के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्यता की शपथ ग्रहण की।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आज से शुरू हुये बजट सत्र के पहले विधायक पिता पुत्र को अपने चैंबर में विधानसभा की सदस्यता की शपथ दिलायी।विभिन्न आपराधिक मामलों में सीतापुर में जेल में निरूद्ध रहते हुये आजम ने इसी साल हुये विधानसभा चुनाव में रामपुर शहर से जीत हासिल की थी।



