
खुद को भारतीय नहीं मानने वालों को भारत में रहने का अधिकार नहीं: सुषमा सिंह
मेरठ । उप्र राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहा कि खुद को भारतीय नहीं मानने वाले लोगों को भारत में रहने का अधिकार नहीं है। भारत माता की जय नहीं बोलने वाले और यहां के कानूनों में आस्था रखने वाले लोग देश विरोधी है।
सर्किट हाउस में बुधवार को मीडिया से बातचीत में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहा कि ज्ञापवापी मस्जिद में शिवलिंग को झूठ का फव्वारा वही लोग बोल रहे हैं, जिन्हें आस्था पर विश्वास नहीं है, वे भारतीय नहीं हो सकते। ऐसे लोगों को भारत माता की जय बोलने में भी समस्या है। शिवलिंग को फव्वारा बताने वाले लोग इस देश के नागरिक होकर भी भारत माता की जय नहीं बोल रहे हैं तो उनकी शिवलिंग जैसी चीजों में आस्था कैसे हो सकती है।
सुषमा सिंह ने कहा कि भारत में जहां भी मस्जिदों के पास या नीचे खुदाई कराई गई हैं वहां पर शिवलिंग और मंदिर ही निकले हैं। हर मस्जिद का निर्माण ही मंदिरों को तोड़कर हुआ है। इसका प्रमाण तो इतिहास ने भी दिया है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म को मानने वाले भारतीय के लिए शिव ही सत्य है। शिव ही व्यापक है और शिव से ही सृष्टि चलती है। आस्था में विश्वास न करने वाले किसी अन्य जाति के ही हैं, क्योंकि उन्हें तो भारत माता की जय बोलने में भी समस्या है।(हि.स.)



