
दिसम्बर तक बुन्देलखण्ड के हर गांव, हर घर तक पहुंचेगा शुद्ध पानी: योगी आदित्यनाथ
ललितपुर पहुंचे सीएम ने विकास कार्यो का निरीक्षण किया, मुरारी बापू की सुनी रामकथा
ललितपुर/झांसी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ललितपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये, वहीं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। मुलाकात के साथ ही चौकाबाग ललितपुर में चल रही मुरारी बापू की कथा में पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि दिसम्बर तक लगभग सम्पूर्ण बुन्देलखण्ड के हर गांव-हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचा देंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:30 बजे ललितपुर के कचनौंदा बांध पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे, जहां प्रदेश के श्रम एवं सेवा योजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ व सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने पैर छूकर स्वागत गया। इसके बाद उन्होंने वहां चल रहे जल मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य को देखा व निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सीधे 11:10 बजे पुलिस लाइन पहुंचे, जहां पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। करीब आधा घंटे से अधिक रूकने के बाद 12 बजे वह कार से ललितपुर मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर हाईवे किनारे अमरपुर में निर्माणाधीन मेडीकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेजी से कार्य करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री सीधे वहां से कार से 12:30 बजे शहर के चौकाबाग में चल रही मुरारी बापू की रामकथा सुनने के लिए पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को प्रमाण कर मुरारी बापू से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने करीब आधे घंटे तक रामकथा सुनी।इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यास पीठ पर विराजमान पूज्य मुरारी बापू जी, इस सम्पूर्ण कार्यक्रम के आयोजक पूज्य सतुआ बाबा महामण्डलेश्वर संतोषदास जी महराज, पूज्य संत जन और ललितपुर के बुन्देलखण्ड से आये हुए सभी श्रद्धालुजन, पिछले 9 दिनों से आप सब ने मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन की कथा का श्रवण का आनंद पूज्य बापू जी की के श्रीमुख से किया है।
कहा कि बुन्देलखण्ड तो भक्ति और शक्ति का एक महासंगम है, और यह संजोग ही था कि इसी बुन्देलखण्ड के चित्रकूट में भगवान राम ने अपने वनवास काल के सर्वाधिक समय व्यतीत किया। ये मेरा सौभाग्य है, कि इस पावन कथा में मुझे भी पूर्णाहुति की अवसर पर शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है। मैं इसके लिए पूज्य बापू का और सतुआ बाबा जी का हृदय से धन्यवाद करता हूं।
श्रीराम की कथा वास्तव में भारत की कथा
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की कथा ये वास्तव में भारत की कथा है। भारत के प्रत्येक परिवार की कथा है, और भारत के प्रत्येक मानस के हृदय में रसी-वसी मानवीय कथा है, जो हमें जीने की एक नई प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा संकट के समय चुनौतियों से जूझने के लिए एक नया मार्ग दिखाती है तथा बड़ी से बड़ी चुनौती को पार करने का रास्ता भी सुझाता है। इस पावन कथा में पिछले 9 दिनों से बापू के श्रीमुख से आप सबको सुनने का आनंद प्राप्त हुआ है। मैं इसके लिए आप सब का हृदय से अभिनदंन करता हूँ। वास्तव में देश के अदर विपरीत पस्थितियों में भी श्रीराम कथा और व्यास पीठ ने इस देश को एक नई दिशा देने का भी काम किया है।इस दौरान प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, श्रम एवं सेवा योजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।(हि.स.)



