
मानसून आने से पहले जल निकासी की तैयारियां हो जाये पूरी : एके शर्मा
नगर निकायों में चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान, सौंदर्यीकरण व कायाकल्प कार्यों की नगर विकास मंत्री ने की समीक्षा
लखनऊ । प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री ए.के. शर्मा ने नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने तथा साफ-सफाई की प्रभावी व्यवस्था करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मानसून के आने से पहले ही पानी के निकास की अभी से पूर्ण तैयारी कर ली जाए। सभी नाली-नालों की बेहतर सफाई की जाए, जिससे जलभराव की समस्या ना बने।
नगर विकास मंत्री गुरुवार को नगरी निकाय निदेशालय में अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नगर निकायों में विगत 01 माह से चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान, सौन्दर्यीकरण तथा कायाकल्प कार्यों की समीक्षा की और चल रही योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने कई स्थानों पर चल रहे कार्यों को भी ऑनलाइन देखा तथा कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि मानसून आने से पहले ही पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था कर ली जाए। इसके लिए सभी नाले-नालियों की पूर्ण सफाई की जाए। जमा सिल्ट की निकासी के साथ चोक करने वाले पदार्थों को पूरी तरह से हटाया जाए। उन्होंने नियमित रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, कूड़ा उठान एवं इसके निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था के साथ सीवर सफाई व नागरिकों को साफ पेयजल की आपूर्ति हो, इस पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
ए.के. शर्मा ने कहा कि शहरों को सुंदर बनाने के लिए 60 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 12 सूत्री कार्यक्रम के तहत सुंदरीकरण एवं सुविधाओं को लेकर विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने नगरों की शोभा बढ़ाने व हरियाली के लिए सभी खाली जगहों पर पौधों के रोपण तथा हरी घास लगाने पर भी बल दिया। उन्होंने इन सभी कार्यों के लिए सामाजिक संस्थाओं व स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं से भी संपर्क कर उनका सहयोग लेने का आग्रह किया।बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, विशेष सचिव इन्द्रमणि त्रिपाठी, निदेशक शकुंतला गौतम सहित प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 800 अधिकारी व कर्मचारी वर्चुअली शामिल रहे।(हि.स.)
नगर विकास मंत्री से मिला ब्रिटिश शिष्टमंडल, अपशिष्ट प्रबंधन में सहयोग पर हुई चर्चा
भारत एवं ब्रिटेन के आपसी मधुर सम्बंधों की प्रगाढ़ता को बढ़ाने के लिए एक ब्रिटिश शिष्टमंडल भारत में ब्रिटेन के उप उच्चायुक्त के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मुलाकात की। एके शर्मा के लखनऊ स्थित निजी आवास डालीगंज-1 पर हुई इस मुलाकात में भारत तथा यूके के परस्पर सम्बंधों तथा भविष्य में साथ मिलकर काम करने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें ऊर्जा संरक्षण, हाइड्रोजन ऊर्जा के लिए तकनीकी सहयोग, शिक्षा क्षेत्र विशेषकर तकनीकी शिक्षा में मानव संसाधन को स्किल्ड बनाने की दिशा में परस्पर सहयोग, उप्र में बन रहे डिफेंस कॉरीडोर में यूके की रक्षा कम्पनियों द्वारा अवस्थापना सम्बंधी निवेश तथा नगर निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में आपसी सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
शर्मा ने बताया कि भारत तथा ब्रिटेन परम्परागत एक-दूसरे के सहयोगी रहे हैं। आगे भी उप्र की आर्थिक समृद्धि एवं टिकाऊ विकास के लिए साथ मिलकर कार्य करने की सम्भावना तलाश रहे हैं। ब्रिटिश उप उच्चायुक्त जॉन थाम्पसन के नेतृत्व में आये इस शिष्टमंडल में, ब्रिटिश उच्चायोग में राजनैतिक एवं द्विपक्षीय मामलों के प्रमुख रिचर्ड बार्लो, वरिष्ठ राजनैतिक आर्थिक सलाहकार भावना विज, ब्रिटिश काउन्सिल राशि जैन और मीडिया सलाहकार तरूका श्रीवास्तव उपस्थित रहे।



